ट्रेड यूनियन ने रायगढ़ से नई ट्रेन परिचालन सहित 11 सूत्रीय मांगों का सौंपा ज्ञापन

by SUNIL NAMDEO
0 comment
img-20260221-wa01799122518692518146593.jpg
previous arrow
next arrow

रेल टर्मिनल का सपना जल्द धरातल में उतारने की भी उठी मांग

रायगढ़ (सृजन न्यूज)। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के जनरल मैनेजर तरुण प्रकाश का आज रायगढ़ आगमन हुआ। ट्रेड यूनियन काउंसिल के प्रतिनिधिमंडल ने उनसे भेंट कर यात्री सुविधाओं एवं ट्रेन परिचालन के संबंध में चर्चा करते हुए 11 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन भी दिया.

                   प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि रायगढ़ दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे का महत्वपूर्ण स्टेशन है, लेकिन यहां जो सुविधाएं होनी चाहिए, उसका अभाव है. रायगढ़ स्टेशन में सौन्दर्यीकरण का काम काफी धीमी गति से चल रहा है. समय सीमा बढ़ाई जा रही है, लेकिन कार्य आजतक अपूर्ण है. इससे यात्रियों को काफी परेशानी हो रही है इसलिए मांग है कि सौंदर्यीकरण कार्य तत्काल पूरा किया जाए। ट्रेनों की लेटलतीफी से आम आदमी काफी परेशान है। खासकर चाँपा और रायगढ़ के बीच हर ट्रेन लेट हो जाती है। ऐसे में मांग उठी कि ट्रेनें समय पर चले। आये दिन रेल लाइन विस्तारीकरण के नाम पर यात्री ट्रेन्स स्थगित की जाती है, जबकि उस अवधि में मालगाड़ी निर्बाध रूप से चलती है.

           ट्रेड यूनियन ने मांग की कि जरूरत पड़ने पर यात्री गाड़ी के बदले मालगाड़ी को स्थगित किया जाए। रायगढ़ से चलने वाली गोंडवाना एक्सप्रेस में पेंट्री कार की सुविधा दी जावे। रायगढ़ से गुजरने वाली कई गाड़ियां का स्टॉपेज रायगढ़ में नहीं है, जबकि रायगढ़ रेलवे स्टेशन अधिग्रहण के समय तत्कालीन महाराजा चक्रधर सिंह के साथ यह अनुबंध हुआ था कि रायगढ़ होकर जो भी ट्रेन्स निकलेगी, उसका स्टॉपेज रायगढ़ में रहेगा। रायगढ़ से कोरबा के लिए नई ट्रेन का परिचालन किया जाए, रायगढ़ से दक्षिण भारत के लिए ट्रेन सुविधा हो. कई दशक से टिटलागढ़ रूट में सिर्फ एक पैसेंजर ट्रेन चलती है. हमारी मांग है कि बिलासपुर से टिटलागढ़ होते हुए विशाखापट्टनम के लिए एक्सप्रेस ट्रेन चलाई जाए. प्रयागराज के धार्मिक महत्व को देखते हुए रायगढ़ से एक साप्ताहिक ट्रेन चलाई जाए. बिलासपुर से इंदौर चलने वाली नर्मदा एक्सप्रेस को रायगढ़ से चलाई जावे.

       प्रतिनिधि मंडल ने यह भी कहा कि एनडीए सरकार द्वारा 14 दिसंबर 1998 को रायगढ़ में रेलवे टर्मिनल की स्थापना की घोषणा  रेलमंत्री नीतीश कुमार ने थी, मगर 27 वर्ष गुजरने के बाद भी आजतक इसे अमलीजामा नहीं पहनाया गया. हमारी मांग है कि रायगढ़ में रेलवे टर्मिनल की स्थापना शीघ्र हो और उसका नामकरण महाराजा चक्रधर सिंह के नाम पर किया जावे.  जनरल मैनेजर ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गौर से सुना और उचित कार्यवाही का आश्वासन भी दिया. ट्रेड यूनियन काउंसिल के प्रतिनिधि मंडल में उपाध्यक्ष शेख कलीमुल्लाह, सचिव श्याम जायसवाल, कोषाध्यक्ष सुनील मेघमाला, प्रमोद शराफ, रंगापति बारिक, संजीव सेठी भी शामिल थे.

You may also like

Leave a Comment