रायगढ़ (सृजन न्यूज)। पीड़ित मानवता की सेवा में अग्रणी अघोर गुरूपीठ ट्रस्ट बनोरा के बैनर तले शहर के गोगा मंदिर के समीप प्याऊ घर का उद्घाटन नगर निगम के सभापति डिग्रीलाल साहू ने किया।
जूटमिल क्षेत्र स्थित गोगा मंदिर के पास आज सुबह लगभग 9 बजे अघोर गुरु पीठ बनोरा द्वारा जनसेवा के लिए बनाए गए प्याऊ घर में निगम सभापति डिग्रीलाल साहू ने अघोरेश्वर महाप्रभु और मां गुरु जी को प्रणाम करते हुए विधिवत पूजा-अर्चना की। सादगी लेकिन बेहद गरिमामय वातावरण में सभापति श्री साहू ने राहगीरों को शीतल जल वितरित कर प्याऊ घर को जनसमर्पित किया।
इस प्याऊ घर के सूत्रधार बीमा विकास अधिकारी दीपक कछवाहा हैं, जो गर्मी से बेहाल लोगों को ठंडे पानी के साथ गुड़ देने की पुरानी परंपरा को पुनर्जीवित करने की अनोखी पहल करते हुए कल 15 अप्रैल को भी शहर के नटवर स्कूल रोड में आजादी के दीवाने तोड़ाराम जोगी प्रतिमा के करीब प्याऊ घर की सौगात आम जनता को दे चुके हैं। कुल मिलाकर कहें तो अघोर गुरूपीठ ट्रस्ट बनोरा के अनुयायी अपने कर्त्तव्य पालन में सक्रिय रहते हुए समयानुसार जिस तरह लोकसेवा को तरजीह देते हैं, वह अनुकरणीय जरूर है।




