कांग्रेस नेत्री ने नए भवन निर्माण तक आपातकालीन प्रसूति वार्ड के लिए शासन से की मांग

रायगढ़ (सृजन न्यूज)। जिला कांग्रेस प्रवक्ता रिंकी पांडेय ने विज्ञप्ति जारी कर शासन का ध्यान इस ओर आकृष्ट किया है कि किरोड़ीमल जिला चिकित्सालय रायगढ़ में प्रसूति विभाग बंद कर उसे शहर से दूर मेडिकल कॉलेज के पास शिफ्ट करने से जिले के सुदूर अंचलों से आने वाले मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सरकारी जिला अस्पताल में डिलेवरी की सुविधा न होने की वजह से मजबूरन महिलाओं को जचकी हेतु निजी चिकित्सालयों का रुख करना पड़ रहा है, वहीं देर रात प्रसूति के लिए आ रहीं महिलाओं को जिला चिकित्सालय में गायनिक वार्ड और ऑपरेशन की सुविधा न होने की वजह से भी जचकी के लिए भटकने के साथ निजी चिकित्सालयों में जाना पड़ता है जिससे उनकी जेब का बोझ बढ़ रहा है।
रिंकी पांडेय ने बताया, विदित हो कि जिला अस्पताल का भवन लगभग 80 साल पुराना और जर्जर हो चुका है। लोक निर्माण विभाग ने इसे डेड घोषित कर नये भवन के लिए प्रस्ताव भी भेजा था, लेकिन बजट में राशि आने के बावजूद भी जचकी वार्ड व डिलेवरी ओटी की आपातकालीन सुविधा हेतु की भी वैकल्पिक व्यवस्था यहां नहीं की गई। इसके अलावे अस्पताल में कई पद रिक्त हैं, जिन पर नियुक्तियां नहीं हो पा रही हैं।
किरोड़ीमल जिला चिकित्सालय रायगढ़ में पीडियाट्रिशियन, गायनिक, न्यूरो, आर्थोपेडिक सर्जन जैसे कई विशेषज्ञ डॉक्टरों के पद के साथ नर्सिंग स्टाफ, लैब टेक्नीशियन के पद भी खाली हैं। इसे देखते हुए जिला कांग्रेस प्रवक्ता रिंकी पांडेय ने प्रभावित महिला मरीजों की सुविधाओं को ध्यान रखते हुए राज्य शासन से मांग की है कि केजीएच में प्रसूति विभाग को तत्काल प्रभाव से बहाल करने की आवश्यकता है। इससे लोगों को सरकारी अस्पताल में डिलेवरी सुविधा मिल सकेगी और उनका जेब का बोझ कम होगा।




