शिव शक्ति फैक्ट्री के काले जहर से संबलपुरी जंगल पर चढ़ रही मौत की परतें

by SUNIL NAMDEO
0 comment
img-20260221-wa01799122518692518146593.jpg
previous arrow
next arrow

रायगढ़ (सृजन न्यूज)। जिले के पूर्वांचल स्थित संबलपुरी क्षेत्र में शिव शक्ति फैक्ट्री से निकलने वाला काला धुआं अब केवल हवा को ही नहीं, बल्कि आसपास के जंगलों को भी धीरे-धीरे मौत की ओर धकेल रहा है। सामने आई तस्वीरें इस भयावह सच्चाई की गवाही दे रही हैं, जिनमें जंगल के पेड़-पौधों की पत्तियों पर काले रंग की मोटी, जहरीली डस्ट की परत स्पष्ट रूप से जमी दिखाई दे रही है। यह परत केवल धूल नहीं, बल्कि फैक्ट्री से उत्सर्जित प्रदूषक तत्वों का ठोस प्रमाण है जिसने पूरे वन क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया है।

कैसे रुक रही है फोटोसिंथेसिस की प्रक्रिया –

वैज्ञानिक दृष्टिकोण के अनुसार पेड़-पौधे सूर्य के प्रकाश, कार्बन डाइऑक्साइड और क्लोरोफिल की सहायता से प्रकाश संश्लेषण की प्रक्रिया द्वारा भोजन बनाते हैं और ऑक्सीजन छोड़ते हैं। लेकिन जब पत्तियों की सतह पर काली डस्ट, कार्बन कण, सल्फर डाइऑक्साइड और अन्य विषैले कण जम जाते हैं, तो पत्तियों के स्टोमाटा (सूक्ष्म छिद्र) बंद हो जाते हैं, जिससे कार्बन डाइ ऑक्साइड का आदान-प्रदान रुक जाता है। सूर्य का प्रकाश पत्तियों तक नहीं पहुंच पाता, जिससे क्लोरोफिल निष्क्रिय होने लगता है। प्रकाश संश्लेषण की गति धीमी होकर लगभग रुक जाती है, परिणामस्वरूप पौधे कमजोर होकर सूखने लगते हैं।

हम मानते हैं कि जिन पेड़ों को पर्यावरण शुद्ध करने की जिम्मेदारी मिली है, वही पेड़ खुद प्रदूषण के बोझ तले दम तोड़ने को मजबूर हैं। शिव शक्ति के खतरनाक प्रदूषण की वजह से जंगल पर सीधा हमला हो रहा है जिससे जैव विविधता खतरे में भी पड़ रही है। लगातार जमा हो रही काली डस्ट से पत्तियां मुरझा रही हैं, नई कोपलें नहीं फूट रहीं और कई पौधों में रोग फैलने के लक्षण साफ नजर आ रहे हैं। इससे जंगल की जैव विविधता पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। कीट-पतंगे, पक्षी और वन्य जीव भी इस प्रदूषित वातावरण से प्रभावित हो रहे हैं, जिससे पूरा इकोसिस्टम असंतुलन की ओर बढ़ रहा है।

प्रकृति और मानव जीवन पर भी सीधा असर –
पर्यावरण मित्र बजरंग अग्रवाल ने कहा इस प्रदूषण का असर केवल जंगल तक सीमित नहीं है। आसपास के गांवों और बस्तियों में रहने वाले लोगों को सांस की बीमारियां, आंखों में जलन, त्वचा रोग, एलर्जी और दमा जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। लंबे समय तक इस तरह के प्रदूषण के संपर्क में रहने से कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा भी बढ़ सकता है।

जहर उगलती फैक्ट्री पर बजरंग का हमला –
पर्यावरण प्रेमी और सामाजिक कार्यकर्ता बजरंग अग्रवाल ने शिव शक्ति फैक्ट्री पर सीधा आरोप लगाते हुए कहा कि यह फैक्ट्री लगातार काला जहर उगल रही है। प्रदूषण नियंत्रण के दावे सिर्फ कागजों तक सीमित हैं। जंगलों पर काली परत जमना इस बात का सबूत है कि नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। इसका दुष्प्रभाव केवल पेड़-पौधों पर नहीं, बल्कि मानव जीवन पर भी पड़ रहा है। अगर समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो संबलपुरी और आसपास का इलाका गंभीर पर्यावरणीय आपदा का शिकार हो जाएगा। फैक्ट्री के चारों तरफ से व्यापक पैमाने पर प्रदूषण फैल रहा है।चिमनियों के साथ फैक्ट्री से व्यापक स्तर पर धूल गुबार काले जहरीले प्रदूषण फैला रही है। प्रदूषण नियंत्रण उपकरण ईएसपी या फिल्टर या तो ठीक से काम नहीं कर रहे, या जानबूझकर बंद रखे जाते हैं। बावजूद इसके संबंधित विभागों की चुप्पी कई सवाल खड़े कर रही है।

You may also like

Leave a Comment