तरुण बघेल ‘एड्स जागरूकता’ के लिए सम्मानित

by SUNIL NAMDEO
0 comment
img-20260221-wa01799122518692518146593.jpg
previous arrow
next arrow


रायगढ़ (सृजन न्यूज)। गणतंत्र दिवस के पर रायगढ़ जिले के चिकित्सा विभाग ने मानवता की सेवा में समर्पित एक अनूठी शख्सियत को सम्मानित किया। छत्तीसगढ़ी सिनेमा के जाने-माने कलाकार और प्रख्यात सामाजिक कार्यकर्ता तरुण बघेल को एचआईवी/एड्स जागरूकता के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट और निरंतर योगदान के लिए जिला स्तर पर विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. अनिल कुमार जगत ने तरुण बघेल की सक्रियता और समर्पण की सराहना करते हुए उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान किया। इस गरिमामय अवसर पर जिला कार्यक्रम प्रबंधक (DPM) रंजना पैंकरा और मीडिया प्रभारी उमा महंत विशेष रूप से उपस्थित रहीं।

     तरुण बघेल लंबे समय से जिला एड्स नोडल अधिकारी डॉ. जया चौधरी एवं आईसीटीसी काउंसलर अधिकारी कांति तिवारी के मार्गदर्शन में जिले के संवेदनशील समूहों के बीच काम कर रहे हैं। उन्होंने मुख्य रूप से लंबी दूरी तय करने वाले ट्रक ड्राइवर और हेल्पर्स, अप्रवासी मजदूर ,हाई-रिस्क ग्रुप के सेक्स वर्कर और अन्य जोखिम वाले समूहों को परामर्श और सेवाएँ प्रदान किया।

श्री बघेल ने जिंदल फाउंडेशन, लक्ष्यगत हस्तक्षेप परियोजना और कई सामाजिक संगठनों के माध्यम से जमीनी स्तर पर काम किया है। यह पहला मौका नहीं है जब उनके काम को सराहा गया हो; इससे पूर्व भी उन्हें छत्तीसगढ़ एड्स कंट्रोल सोसायटी द्वारा राज्य स्तर पर सम्मानित किया जा चुका है।

तरुण बघेल की इस उपलब्धि पर जिले के प्रबुद्ध जनों और सहयोगियों ने हर्ष व्यक्त किया है। बधाई देने वालों में मुख्य रूप से निश्चय समिति के प्रमुख संदीप चक्रवर्ती, डिस्ट्रिक्ट प्रोग्राम मैनेजर रूमा बोस, मुकेश गोस्वामी (प्रोजेक्ट डायरेक्टर, जनमित्रम) शामिल हैं।

You may also like

Leave a Comment