Home रायगढ़ न्यूज कृष्ण की शरण में ले चलिए मन को : पं. महेश तिवारी

कृष्ण की शरण में ले चलिए मन को : पं. महेश तिवारी

by SUNIL NAMDEO

रायगढ़ के सबसे प्राचीन राम मंदिर में छात्र समिति के भागवत कथा में उमड़ रहा भक्तों का सैलाब

रायगढ़ (सृजन न्यूज)। शहर की पुरानी बस्ती स्थित रामगुड़ी पारा इनदिनों कृष्णमय बना हुआ है। दरअसल, छात्र समिति द्वारा आयोजित श्रीमद भागवत ज्ञान यज्ञ सप्ताह में बिलासपुर के नगोई से पधारे पंडित महेश तिवारी व्यासपीठ पर आसीन होकर लोगों को इतनी सहजता से धर्म का मर्म समझा रहे हैं कि कथा स्थल का वातावरण वृंदावन के समान लगने लगा है।

      कला और संस्कार धानी नगरी यानी रायगढ़ के सबसे प्राचीन राम मंदिर के प्रांगण में बीते 13 दिसंबर से हो रहे संगीतमय भागवत कथा के तीसरे दिवस पंडित महेश तिवारी ने सती चरित्र कथा और ध्रुव कथा से श्रद्धालुओं को भक्त और भगवान की व्याख्या करते हुए कहा कि जिस तरह भोजन से पेट भरता है, ठीक उसी तरह भजन से मन तृप्त होता है। कृष्ण की शरण में मन को ले चलिए। आंख बंदकर भगवान की भक्ति किया करिए, तभी प्रभु के दर्शन होते हैं। भक्ति रूपी हृदय को सदा भगवान को समर्पित करिए। सत्य, नीति और धर्म की ओर चलने से ही मोक्ष की प्राप्ति होती है। भक्त के दर पर ही भगवान की महिमा गाई जाती है।

धार्मिक आयोजन में बेहद सक्रिय छात्र समिति और जनक नंदिनी महिला समिति की पहल से आयोजित श्रीमद भागवत कथा में व्यासपीठ पर विराजे पंडित महेश तिवारी 16 दिसंबर को श्रीकृष्ण जन्म उत्सव, वामन अवतार और प्रहलाद चरित्र से जुड़े प्रसंग की व्याख्या कर श्रद्धालुओं को पुण्य के भागीदार बनाएंगे।

You may also like