सौरभ राइस मिल में मजदूर की सन्दिग्ध मौत

by SUNIL NAMDEO
0 comment
img-20260221-wa01799122518692518146593.jpg
previous arrow
next arrow

राइस मिल परिसर स्थित लेबर क्वाटर के बाथरूम के बाहर पड़ी थी युवक की लाश

रायगढ़ (सृजन न्यूज)। सौरभ राइस मिल में कार्यरत एक मजदूर युवक की शुक्रवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने का मामला प्रकाश में आया है। चूंकि, राइस मिल परिसर स्थित लेबर क्वाटर के बाथरूम वे बाहर श्रमिक की लाश पड़ी थी, इसलिए घटना का सच जानने के लिए पुलिस ने शव को जिला चिकित्सालय के मर्च्यूरी रूम में रखवाया है, ताकि पोस्टमार्टम के बाद सच सामने आ सके।

              सूत्रों के मुताबिक रायगढ़ से लगे ग्राम जोरापाली के सौरभ राइस मिल में आज तड़के लगभग साढ़े 5 बजे उस समय सनसनी फैल गई, जब राइस मिल परिसर स्थित लेबर क्वाटर के बाथरूम के बाहर नाली किनारे एक युवक की लाश संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ी मिली। चूंकि, शव के हाथ और पैर में मिट्टी लगी थी, इसलिए पहले पहल तो उसकी पहचान नहीं हो पाई। वहीं, जब लेबर क्वाटर में रहने वाले कामगारों ने शव को गौर से देखा तो उसकी शिनाख्त अपने साथी नोहर माझी के रूप में की।

  बताया जाता है कि मूलतः लैलूंगा थाना क्षेत्र के ग्राम कुडुमकेला निवासी नोहर माझी पिता महनु राम माझी (25 वर्ष) पिछले कुछ समय से सौरभ राइस मिल में बतौर श्रमिक का काम करते हुए राइस मिल परिसर के लेबर क्वाटर में रहता था। होली में नोहर अपने घर जाने के बजाए राइस मिल में ही रुका था। बीती रात मजदूर साथियों के साथ खाना खाने वाला नोहर लेबर क्वाटर में सोया था। ऐसे में आज तड़के उसकी लाश राइस मिल परिसर के बाथरूम के बाहर संदेहास्पद परिस्थितियों में मिलने से मजदूरों में हड़कम्प मच गया।

        बदहवास मजदूरों ने घटना की सूचना मिल मालिक सौरभ अग्रवाल को दी, तब कहीं जाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए केजीएच पहुंचाया। बहरहाल, नोहर की मौत आखिरकार कैसे हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने के बाद ही होगा। फिलहाल, कोतरा रोड पुलिस मर्ग कायम कर हादसे की छानबीन में जुटी है।

You may also like

Leave a Comment