सन्दिग्ध मामले की असलियत जानने के लिए कोतवाली पुलिस करवा रही पोस्टमार्टम

रायगढ़ (सृजन न्यूज)। सुनील इस्पात के एक मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी पर लटकती लाश मिलने का मामला प्रकाश में आया है। चूंकि, जशपुर के मृतक की लाश लाखा की एक महिला के घर में बरामद हुआ, लिहाजा पुलिस अब घटना की असलियत जानने के लिए पोस्टमार्टम करवा रही है।
जिला मुख्यालय से तकरीबन 10 किलोमीटर दूर ग्राम पंचायत लाखा में आज सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब लाखा बस्ती के सरकारी जमीन में बसे मोहल्ले में एक महिला के घर के बरामदे के म्यांर में बंधे रस्सी में एक अधेड़ शख्स की संदिग्ध परिस्थितियों में लटकती लाश दिखी। फिर क्या, गांव में लाश मिलने की खबर देखते ही देखते इस कदर फैली कि घटना स्थल पर लोगों की भीड़ लगते ही तरह-तरह की बातें भी होने लगी।
दूसरी तरफ, मामले की सूचना कोतवाली पुलिस को मिलने पर खाकी वर्दीधारियों ने लाखा जाकर मौके का जायजा लेते हुए ग्रामीणों से पूछताछ की तो मृतक की शिनाख्त मूलतः जशपुर जिले के बागबाहर थानांतर्गत ग्राम खूंटापानी निवासी विष्णुराम चौहान आत्मज बलराम चौहान (54 वर्ष) के तौर पर हुई। बताया जाता है कि मृतक विष्णुराम लाखा से लगे ग्राम चिराईपानी स्थित सुनील इस्पात एंड पावर लिमिटेड में मजदूरी का काम करते हुए कंपनी परिसर के अंदर लेबर क्वाटर में रहा करता था।
पुलिस की पूछताछ में यह बात भी सामने आई कि लाखा बस्ती के सरकारी जमीन से लगे मोहल्ले में एक परित्यक्ता महिला के यहां विष्णुराम का अक्सर आना-जाना लगा रहता था। बीते मंगलवार को भी विष्णुराम जब परित्यक्ता महिला से मिलने उसके घर पहुंचा तो आपसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी नोंकझोंक भी हुई। महिला का दावा है कि विवाद के बाद वह घर से निकली, उसके बाद विष्णुराम की लाश मिली। लेकिन, ग्रामीणों के मुताबिक विष्णुराम की लाश फांसी पर जब लटकती मिली तो उसका घुटना जमीन में मुड़ा था। ऐसे में हत्या कर शव को लटकाने की आशंका भी ग्रामीण जाहिर कर रहे हैं।
बहरहाल, सुनील इस्पात के श्रमिक की संदिग्ध हालत में मामले की तहतक जाने के लिए जिला चिकित्सालय में शव को लाया गया है। कोतवाली पुलिस पंचनामे और पोस्टमार्टम की कार्रवाई करवाते हुए मर्ग कायम कर तहकीकात में जुटी है।




