एमएसपी कार्डिनल कप सीजन-9 का रंगारंग शुभारंभ
रायगढ़ (सृजन न्यूज)। हर के खेल प्रेमियों का इंतजार खत्म हुआ और गुरुवार की रात दूधिया रोशनी में नहाए स्टेडियम में ‘एमएसपी कार्डिनल कप सीजन-9’ का भव्य शुभारंभ हुआ। रात्रिकालीन टेनिस बॉल क्रिकेट के इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट का आगाज न केवल खेल भावना के साथ हुआ, बल्कि प्रशासनिक और औद्योगिक जगत की दिग्गज हस्तियों की मौजूदगी ने समारोह में चार चांद लगा दिए।
टूर्नामेंट के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में एसएसपी शशिमोहन सिंह ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए उन्होंने खेल को अनुशासन और टीम भावना का सर्वश्रेष्ठ माध्यम बताया। उन्होंने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन स्थानीय प्रतिभाओं को निखारने का एक बेहतरीन मंच प्रदान करते हैं। खिलाड़ी खेल भावना से खेलें और पूरा दमखम लगा दें। एक खिलाड़ी एक अनुशासित नागरिक बनता है। खेलों को बढ़ावा देने के लिए ऐसे आयोजन होते रहना चाहिए।
समारोह में विशिष्ट अतिथि के तौर पर एमएसपी प्लांट के प्रेसिडेंट वीएस सिंह और सीओओ बीके सिंह भी शामिल हुए। उन्होंने क्रिकेट के प्रति शहर के जुनून को देखते हुए खिलाड़ियों को अपनी शुभकामनाएं दीं और एमएसपी समूह की ओर से खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित करने की प्रतिबद्धता दोहराई। अतिथियों ने पिच पर जाकर विधिवत पूजा-अर्चना की और बल्ला थामकर सांकेतिक रूप से टूर्नामेंट की शुरुआत की।
उदघाटन सत्र में एमएसपी प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य केवल औद्योगिक विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि वे सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत स्थानीय खेल प्रतिभाओं को एक राष्ट्रीय स्तर का मंच प्रदान करना चाहते हैं।
विशिष्ट अतिथि श्री इंडस्ट्रीज के डायरेक्टर विकास अग्रवाल ने कहा कि रात्रिकालीन क्रिकेट का यह आयोजन युवाओं को अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ जीवनशैली की ओर प्रेरित करने की एक सशक्त कड़ी है।
एमएसपी के प्रेसिडेंट वीएस सिंह ने मंच से कहा कि एमएसपी कार्डिनल कप का यह नौवां संस्करण न केवल मनोरंजन का साधन है, बल्कि यह शहर की एकता और खेल संस्कृति को भी प्रदर्शित करता है। पुलिस और पत्रकारों के बीच हुए पहले मैच ने टूर्नामेंट के लिए एक सकारात्मक और प्रतिस्पर्धी माहौल तैयार कर दिया है। अब नजरें आगामी मैचों पर टिकी हैं, जहाँ शहर की बेहतरीन टीमें खिताब के लिए पसीना बहाएंगी।
एमएसपी कार्डिनल कप के अध्यक्ष अरुण उपाध्याय ने बताया कि एमएसपी कार्डिनल कप का नौवां सीजन हमारे लिए केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि एक उत्सव है जो पूरे शहर को एक सूत्र में पिरोता है। इस साल हमने डिजिटल क्रिएटर्स और इन्फ्लुएंसर्स को जोड़कर युवाओं को एक नया मंच देने की कोशिश की है, जिसे जनता का भरपूर प्यार मिल रहा है। हमारा उद्देश्य स्थानीय प्रतिभाओं को निखारना और रायगढ़ में खेल संस्कृति को बढ़ावा देना है। हम एसएसपी साहब और एमएसपी प्लांट प्रबंधन के आभारी हैं, जिनके सहयोग से यह आयोजन भव्य रूप ले सका है। आने वाले दिनों में क्रिकेट प्रेमियों को और भी रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे।
पत्रकारों ने मैच हारा पर दिल जीता
टूर्नामेंट का उद्घाटन मुकाबला बेहद दिलचस्प रहा, जो पत्रकार एकादश और पुलिस एकादश के बीच खेला गया। मैदान पर कलम के सिपाहियों और कानून के रखवालों के बीच रोमांचक भिड़ंत देखने को मिली। पत्रकार एकादश ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। टीम की शुरुआत खराब रही। सलामी बल्लेबाज मोहसिन खान और मनीष बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गए। पुलिस 11 के गेंदबाजों, विशेषकर रामचरण और डहरू ने शुरुआती झटके देकर विपक्षी टीम को बैकफुट पर धकेल दिया। मध्यक्रम में अमित गुप्ता (9 रन) और साकेत पांडेय (8 रन) ने पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन वे बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। अंत में अभिषेक उपाध्याय के जरूरी 8 रन से टीम ने 8 ओवर में 48 रन बनाए। टीम के लिए सबसे सफल बल्लेबाज नीरज तिवारी रहे, जिन्होंने 16 गेंदों का सामना करते हुए 18 रनों की जुझारू पारी खेली। उन्हें पुष्पराज ने अनुज जायसवाल के हाथों कैच आउट कराया। 49 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पुलिस एकादश ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। वर्दीधारियों ने मैदान के चारों ओर शॉट लगाए और मैच पर अपनी पकड़ बनाए रखी। अनुशासन और सटीक तालमेल का परिचय देते हुए पुलिस एकादश ने मात्र 6 ओवरों में ही लक्ष्य हासिल कर लिया और उद्घाटन मैच अपने नाम कर लिया। डीएसपी उत्तम सिंह ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 22 गेंदों में 32 रन बनाएं जिसमें शानदार लगातार 2 छक्के शामिल हैं।




