सरकारी जमीन पर बरसों से कुंडली मारकर बैठा है सांई कंप्यूटर, कलेक्टर से हुई शिकायत

by SUNIL NAMDEO
0 comment
img-20260221-wa01799122518692518146593.jpg
previous arrow
next arrow

चंद्रपुर में ग्राम सेवक भवन पर अतिक्रमण मामले ने पकड़ा तूल, फरियादी ने निष्पक्ष जांच की मांग की

चंद्रपुर/सक्ती (सृजन न्यूज)। छत्तीसगढ़ की प्रसिद्ध धार्मिक नगरी चंद्रपुर के रेस्ट हाउस के पास ग्राम सेवक भवन की सरकारी जमीन पर अतिक्रमण मामले की शिकायत अब सक्ती के कलेक्टर से हुई है। जिला मुख्यालय सक्ती के कलेक्ट्रेट में आयोजित कलेक्टर जनदर्शन में चंद्रपुर की शासकीय भूमि पर बरसों से अवैध कब्जे पर धड़ल्ले से संचालित सांई कम्यूटर की सच्चाई सामने लाने की मांग करते हुए फरियादी ने निष्पक्ष जांच की पुरजोर मांग भी की है।

         आवेदक अविनाश नामदेव ने कलेक्टर को सौंपे शिकायती पाती में कहा है कि सक्ती जिले के नगर पंचायत चंद्रपुर में रेस्ट हाउस के समीप जिस खसरा नंबर 654 एवं 655 में कभी ग्राम सेवक भवन हुआ करता था, उस शासकीय भूमि पर पिछले करीब 25 वर्ष से खेमचरण देवांगन पिता राजाराम देवांगन नामक व्यक्ति द्वारा अवैध तरीके से कब्जा कर उक्त कीमती जमीन पर न केवल आलीशान भवन बनाया गया, बल्कि उसी कीमती जगह पर श्री सांई कम्प्यूटर सेंटर नामक व्यापारिक गतिविधि का भी धड़ल्ले से संचालन भी जारी है।
               चूंकि, नगर पंचायत चन्द्रपुर से सूचना के अधिकार तहत मिली अधिकृत शासकीय जानकारी के मुताबिक सर्किट हाउस चन्द्रपर के पास जिस खसरा नंबर 654 और 655 मिसल आबादी/घास मद में दर्ज है और वर्तमान खसरा पांच शाला वर्ष 2021-22 से 2025-26 में खसरा नंबर 654 एवं 655 श्री सांई कम्यूटर या खेमचरण देवांगन पिता राजाराम देवांगन का नाम दर्ज नहीं है। इसके बावजूद उसी भूमि पर खेमचरण देवांगन पिता राजाराम देवांगन पिछले 25 वर्षों से श्री सांई कम्प्यूटर नामक दुकान का अवैध रूप से संचालन कर सरकारी जमीन पर दुकान और घर बनाते हुए कायदे कानून को ठेंगा दिखा रहा है।
                     फरियादी ने कलेक्टर से निवेदन भी किया कि खसरा नंबर 654 एवं 655 की शासकीय भूमि पर दबंगता से बेजाकब्जा कर वहाँ 3 मंजिला दुकान व मकान बनाने वाले श्री सांई कम्प्यूटर के संचालक खेमचरण देवांगन पिता राजाराम देवांगन की दुकान और जमीन की असल दस्तावेज की ईमानदारी से पड़ताल की जाए ताकि बेशकीमती सरकारी जमीन पर अतिक्रमण करने की विधिवत पुष्टि होने पर आगे की कानूनी कार्यवाही हो सके। उम्मीद है कि सरकारी जमीन पर बरसों से कुंडली मार कर उसे हथियाने वाले श्री सांई कम्प्यूटर और उसके संचालक खेमचरण पिता राजाराम देवांगन की कागजी जन्मकुंडली खंगालते अपनी निष्पक्ष कार्यवाही जरूर करेगी।

You may also like

Leave a Comment