प्रांतीय अधिवेशन में निःशुल्क मेडिकल चेकअप, आयुर्वेदिक दवा वितरण, समाज कल्याण द्वारा स्टीक वितरण की रही व्यवस्था
रायगढ़ (सृजन न्यूज)। प्रगतिशील पेंशनर कल्याण संघ ने रायगढ़ के पॉलिटेक्निक ऑडिटोरियम में राष्ट्रीय पेंशनर दिवस धूमधाम से मनाया। महापौर, सभापति और जिला पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती शिखा रविन्द्र गबेल की मौजूदगी में 500 से अधिक पेंशनर्स का शॉल, श्रीफल और चन्दन वंदन से सम्मान किया।
छत्तीसगढ़ प्रगतिशिल पेशनर कल्याण संघ प्रान्तीय निकाय के द्वारा गत 17 दिसम्बर को राष्ट्रीय पेशनर दिवस के अवसर पर संघ का 10 वां प्रान्तीय सम्मेलन और सम्मान समारोह में प्रदेश से काफी संख्या में पेशनर्स ने शिरकत किया। संगठनात्मक सत्र का शुभारंभ अखिल भारतीय राज्य सरकारी पेंशनर्स फेडरेशन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सालिक माऊलीकर, प्रान्त अध्यक्ष आरके थवाईत, देवेन्द्र पटेल के द्वारा संघ का ध्वजारोहण और रायगढ़ के कर्नल विप्लव त्रिपाठी, दिवंगत कर्मचारी नेता स्व. एएस जुलु, राजीव रत्न चौबे, एसपी सिंह को श्रद्धांजलि देते हुए किया गया। संगठनात्मक सत्र को संबोधित करते हुये राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सालिक माऊलीकर ने कहा कि छत्तीसगढ़ के पेशनर्स के राष्ट्रीय स्तर की समस्याओं को केन्द्र सरकार तक पहुंचाने और उसका निराकरण अखिल भारतीय राज्य पेंशनर्स फेडरेशन राष्ट्रीय स्तर में रखेगा। प्रगतिशील पेशनर कल्याण संघ के पदाधिकारी नए सदस्यों को जोड़ते हुए संगठन को मजबूती प्रदान करें।
प्रान्ताध्यक्ष आरके थवाईत ने छत्तीसगढ़ के लगभग 4 लाख पेशनरों की समस्या जो राज्य और केन्द्र सरकार से संबंधित है पर प्रकाश डाला। इसमें मुख्यरूप से केन्द्रीय दर एवं देय तिथि से मंहगाई राहत और वर्तमान मे लम्बित 3% शीघ्र स्वीकृत करने, राज्य पुनर्गठन 2000 की धारा 49(6) की आड़ मे म.प्र. से सहमति लेने की प्रथा को समाप्त करने, राज्य के पेशनर्स को 65वर्ष की आयु मे 10% और 75वर्ष की आयु मे 20 % पेशन बढ़ोतरी किए जाने, मेडिकल भत्ता 3000 रुपए स्वीकृत करने के साथ ही कैसलेस चिकित्सा सुविधा प्रारंभ करने, राज्य और राज्य के बाहर शासन से मान्यता प्राप्त अस्पतालें में चिकित्सा सुविधा, वर्तमान चिकित्सा प्रतिपूर्ति नियमों मे सुधार करते हुये शासकीय कर्मचारायो की तरह सुविधा देने, रेल यात्रा टिकिट मे पूर्व की तरह छूट प्रारंभ करने, राज्य पेशनर कल्याण मंडल का गठन करने, निःशुल्क तीर्थ यात्रा की सुविधा, सभी जिले मे पेशनर सामुदायिक भवन निर्माण हेतु शासकीय जमीन देनेएवं संघ को पत्राचार हेतु मान्यता दिये जाने से संबधित मांग पत्र प्रतिनिधियों के माध्यम से राज्यपाल, मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव के नाम ज्ञापन सौपा गया।
सम्मेलन और सम्मान के द्वितीय सत्र के मुख्य अतिथि महापौर जीवर्धन चौहान, विशिष्ट अतिथि श्रीमती शिखा रविन्द्र गभेल (अध्यक्ष जिला पंचायत रायगढ़), सभापति डिग्रीलाल साहू एवं अध्यक्षता आरके थवाईत ने की। स्वागत भाषण गोपाल नायक ने प्रस्तुत किया। रायगढ़ में संघ के लिए पेंशनर सामुदायिक भवन हेतु शासकीय भवन उपलब्ध कराने की मांग जनप्रतिनिधियों के के समक्ष रखी गई। महापौर जीवर्धन चौहान ने संघ के सभी मांगों की पूर्ति के संबध में कहा कि हम पेशनरों के साथ है। संघ को सहयोग की जो भी जरूरत होगी। उन्होंने मुख्यमंत्री और वित्तमंत्री से पेंशनर्स की मांगो पर चर्चा कर निराकरण का आश्वासन भी दिया। श्रीमती शिखा रविन्द्र गभेल और डिग्रीलाल साहू ने भी पेंशनर दिवस की बधाई दी।
अतिथियों के कर कमलों से 80 और इससे अधिक उम्र के 500 से अधिक पेशनर्स, संगठन के प्रांतीय पदाधिकारियों, संभाग और जिला अध्यक्षों का शॉल, श्रीफल व प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कर्मचारी नेता बिन्देश्वर राम, केएस ठाकुर, अनंत सिन्हा, इंजीनियर आरएस क्षत्रिय, कविता तिवारी, आरपी शर्मा, पीआर कौशिक, जेपी शुक्ला, पुष्पा मिश्रा, संतोष राठौर, राकेश तिवारी ने भी सभा को संबोधित किया। मंच संचालन देवेन्द्र पटेल ने किया। सम्मेलन स्थल में डॉ. दिनेश पटेल सिविल सर्जन और डॉ. चन्द्रशेखर गौराहा ने संघ के आग्रह पर पेंशनरों के लिए चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई तो समाज कल्याण विभाग द्वारा स्टीक का वितरण किया गया। आईटीआई रायगढ़ के एनसीसी कैडेट्स का भी सराहनीय सहयोग रहा।




