पुलिस खोज रही थी शराबी वाहन चालकों को और पकड़ा गया बाइक चोर

by SUNIL NAMDEO
0 comment
img-20260221-wa01799122518692518146593.jpg
previous arrow
next arrow

रायगढ़ (सृजन न्यूज़)। एसपी के फरमान पर पुलिस हाइवे और मेन रोड में शराबी वाहन चालकों की खैरखबर ले रही थी। इस बीच चेकिंग के दौरान एक बाइक चोर पकड़ा गया। यह वाक्या जिले के भूपदेवपुर थाना क्षेत्र का है।

                पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल के दिशा-निर्देशन में विजुअल पुलिसिंग के तहत प्रतिदिन जिले के सभी थाना क्षेत्रों में हाइवे एवं शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान जहां शराब सेवन कर वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई की जा रही है, वहीं वाहन चालकों को यातायात नियमों के पालन की समझाश भी दी जा रही है। इसी कड़ी में भूपदेवपुर थाना क्षेत्र में वाहन जांच के दौरान पुलिस के हाथ एक मोटरसाइकिल चोर चढ़ गया। उसके पास से चोरी की हीरो होंडा पैशन प्लस क्रमांक CG-13 H-8599 बरामद की गई, जो ग्राम जैमुरा निवासी डोलनारायण पटेल की थी।

                डोलनारायण ने गत 23 अगस्त को बाइक चोरी हाने पर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसके आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध धारा 303 (2) बीएनएस पंजीबद्ध किया गया था। जानकारी के अनुसार भूपदेवपुर पुलिस थाना के सामने नाकाबंदी कर वाहन चेकिंग कर रही थी, तभी बिना नंबर प्लेट की सिल्वर-नीली मोटरसाइकिल पुलिस को दिखाई दी। वाहन रोककर पूछताछ करने पर चालक ने वाहन खरीदी-बिक्री का कोई सबूत नहीं दिया और अपना नाम पूरन लाल चौहान निवासी लेबड़ा बताया। उसके आपराधिक रिकार्ड के आधार पर शक गहराया और सख्ती से पूछताछ करने पर उसने ग्राम जैमुरा से उक्त मोटर साइकिल चोरी करना स्वीकार कर लिया।

                       आरोपी पूरन लाल चौहान पिता स्व. हुलस राम चौहान उम्र 29 वर्ष साकिन लेबड़ा थाना भूपदेवपुर को गिरफ्तार कर चोरी की मोटर साइकिल जप्त की गई। आरोपी को वाहन चोरी के अपराध में न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी भूपदेवपुर उप निरीक्षक संजय नाग, प्रधान आरक्षक प्रदीप गहलोत, संजय भूषण तिर्की, आरक्षक प्रदीप तिवारी, कोमल तिवारी और बोधराम सिदार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

You may also like

Leave a Comment