कांग्रेस का आरोप – फॉगिंग मशीन बनी शो पीस, गायब है मच्छर उन्मूलन दवाईयों का छिड़काव

रायगढ़ (सृजन न्यूज)। गर्मी की शुरुआत होते ही रायगढ़ के सभी इलाकों में मच्छरों का आतंक सिर चढ़कर बोल रहा है। घर हो या बाजार में हर जगह जनता को मच्छरों से त्रस्त होना पड़ रहा है। मच्छरों के काटने से होने वाली बीमारियों का भय व्याप्त हो रहा है। रायगढ़ के चहुंमुखी विकास व जनसमस्यों का पूर्ण निराकरण करने के वादे करने वाला जिम्मेदार शहर सरकार अपने सर्वसुविधा युक्त वातानुकूलित आरामगाह में कुंभकर्णी नींद में गाफिल है।
चुनाव के वक्त शहर की जनता से स्वच्छ शहर, डेंगू मुक्त शहर और समग्र शहर विकास के वादे को प्राथमिकता से अपने नारे में शामिल करने वाली शहर सरकार शायद इसलिए अनभिज्ञता जाहिर कर रही है क्योंकि वो वादे डेंगू वाले खास मच्छरों के लिए किया गया था। आम दिनों में पनपने वाले मलेरिया जन्य मच्छरों के लिए नहीं था। या यूँ कह सकते हैं डेंगू के अलावा अन्य मच्छरों से उन्हें कोई सरोकार नहीं है या जब तक जनता मच्छरों के आतंकी बीमारियों से ग्रस्त ना हो जाए, त्रस्त ना हो जाए, तब तक शहर सरकार मच्छर उन्मूलन दवाईयों का छिड़काव शहर में नहीं करवायेगी।
एक बात ये भी हो सकती है कि जब तक जनता शहर सरकार के चौखट पर आकर मच्छरों की समस्याओं को नहीं बतायेगी तब तक श्रेय लेने का अवसर ढूँढ रही है शहर सरकार कि जनता की मांग पर हमने दवाईयों का छिड़काव करवाकर मच्छरों से जनता को तत्काल निजात दिलाई। शहर के प्रत्येक वार्ड की जनता मच्छरों से त्रस्त हो रही है और शहर सरकार और उनके संबंधित विभाग के मंत्री की अनभिज्ञता समझ से परे है। इनकी अनभिज्ञता कई सवालों को जन्म दे रही है। जैसाकि आखिर कहां गई. नगर निगम की फांगिग मशीनें? क्यों नहीं चलाई जा रही है? क्या नगर निगम में मच्छर उन्मूलन दवाईयों का फंड नहीं है या फिर अंतिम के कुछ समय पर दवाईयों का औपचारिक छिड़काव कर बंदरबांट करते हुए इतिश्री कर लिया जायेगा ?
शहर सरकार को जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष शाखा यादव ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से कुंभकर्णी नींद से जगाने का प्रयास कर रही है और मच्छरों से निजात दिलाने का आग्रह करती है वरना आने वाले समय में रायगढ़ की जागरुक जनता ऐसी नींद उड़ायेगी कि हमेशा के लिए नींद गायब हो जायेगी।




