
रायगढ़ (सृजन न्यूज)। चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर शहर के चक्रधर नगर के लोचन नगर स्थित दुर्गा मंदिर में शुक्रवार को दुर्गा नवमी के अवसर पर भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। इस दौरान पूरे मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल देखने को मिला।
नवमी के दिन प्रातःकाल व्रतधारियों द्वारा विधि-विधान से हवन-पूजन किया गया। इसके पश्चात परंपरा अनुसार 9 कन्याओं का पूजन एवं उन्हें भोजन कराया गया। धार्मिक अनुष्ठानों के पूर्ण होने के बाद श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन किया गया। दोपहर 1 बजे से शुरू हुआ प्रसाद वितरण शाम 4 बजे तक चला, जिसमें लोचन नगर, पहाड़ मंदिर सहित शहर के बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य नागरिक शामिल हुए और मातारानी का प्रसाद ग्रहण किया।
हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी नवरात्रि के दौरान मंदिर परिसर में विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक आयोजन होते रहे, जिससे क्षेत्र में भक्ति और आस्था का वातावरण बना रहा। मंदिर समिति एवं मोहल्लेवासियों के सहयोग से आयोजित इस भंडारे में व्यवस्था और अनुशासन का विशेष ध्यान रखा गया। श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए मां दुर्गा से सुख-समृद्धि की कामना की।




