गजमार पहाड़ के हनुमान मंदिर में भक्तों में दिखा आस्था, एकता और सांस्कृतिक चेतना का अनुपम उदाहरण

रायगढ़ (सृजन न्यूज)। रामभक्त हनुमान के जन्मोत्सव की खुशी में रायगढ़ भी जयश्री राम के नारों से गूंजता रहा। गुरुवार सुबह कमला नेहरू गार्डन से मॉर्निंग वॉकर्स सोसायटी ने भव्य निशान यात्रा निकालते हुए गजमार पहाड़ के हनुमान मंदिर में चोला चढ़ाया। वहीं, जगह-जगह संगीतमय भजन-कीर्तन और भंडारे से अंचल राममय नजर आया।

सुबह की पहली किरण को MWS ने बनाया भक्तिमय
यह भव्य आयोजन हनुमान जन्मोत्सव आयोजन समिति एवं मॉर्निंग वॉकर्स सोसाइटी (MWS) के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ। यात्रा की शुरुआत सुबह 7 बजे कमला नेहरू पार्क स्थित हनुमान मंदिर से की गई, जहां महाआरती और मंत्रोच्चार के साथ भक्तों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। जय बजरंग बली के जयकारे लगाते श्रद्धालु भक्ति में सराबोर नजर आए।

निशान यात्रा में भक्तों ने दिखाई रामभक्ति
यात्रा में भगवान हनुमान की सजीव झांकी के साथ एक विशेष सुसज्जित रथ आकर्षण का केंद्र रहा। यात्रा चक्रधर नगर और डिग्री कॉलेज मार्ग से गजमार पहाड़ स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर तक पहुंची। रास्ते भर श्रद्धालुओं ने भक्ति गीतों पर नृत्य किया और वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया।

बजरंग बली का दर्शन कर धन्य हुए भक्त
गजमार पहाड़ मंदिर में भगवान हनुमान का भव्य श्रृंगार किया गया, इत्र वर्षा की गई और छप्पन भोग अर्पित किए गए। यह दृश्य अत्यंत भाव विभोर करने वाला रहा, जिसमें श्रद्धालु भावुक होकर अपने आराध्य के दर्शन करते रहे।

रामभक्तों के लिए रही विशेष सुविधा
यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए जलपान की सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। जो श्रद्धालु पहाड़ नहीं चढ़ सके, उनके निशान समिति द्वारा मंदिर तक पहुंचाए गए। साथ ही वापसी के लिए वाहन व्यवस्था भी उपलब्ध रही, जिससे सभी को सुविधा मिली।

सांस्कृतिक परंपरा की दिखी बानगी
इस आयोजन ने यह सिद्ध कर दिया कि रायगढ़ न केवल भक्ति में समृद्ध है, बल्कि सामाजिक सहभागिता और सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति भी जागरूक है। आयोजन को सफल बनाने में समिति के सभी सदस्यों ने भरपूर सहयोग दिया और एक अनुकरणीय आयोजन प्रस्तुत किया।

ये रामभक्त रहे सक्रिय
निशान यात्रा में MNS सदस्य दीपक डोरा, संजय खेमका, राजेश अग्रवाल, विमल मित्तल, सुनील मोदी, सरस गोयल, कैलाश अग्रवाल, अनिल गर्ग, सुरेश अग्रवाल, लखीराम अग्रवाल, मीनू बहिदार, संजय जिंदल, मनोज अग्रवाल, घनश्याम रतेरिया, सतीश अग्रवाल, किशन अग्रवाल, सुदेश पाण्डेय, शिव बापोड़िया, अशोक अग्रवाल, विनोद पालीवाल, नवनीत गोयल, पुरुषोत्तम अग्रवाल, राजेंद्र खालसा, विजय अग्रवाल, अनूप केडिया, चंद्रकांत पंजाबी, हरेंद्र शर्मा, आलोचन गुप्ता, आनंद अग्रवाल, मनोज नहाड़िया, प्रकाश मसंद, दीपक अमलडिहा, प्रमोद अग्रवाल, राजेश अग्रवाल, संतोष गुप्ता और कमल शर्मा विशेष तौर पर सक्रिय रहे।




