
रायगढ़ (सृजन न्यूज)। एमएसपी स्टील एंड पावर लिमिटेड के द्वारा सीएसआर पहल के अंतर्गत बेहरापाली गांव में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के लिए दो दिवसीय नि:शुल्क आजीविका प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करना तथा उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना था।
कार्यक्रम के दौरान 20 से अधिक स्वयं सहायता समूह के सदस्यों को व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण में महिलाओं को पालक लाई बड़ी, सूखी ग्वार फली और दही मिर्ची तैयार करने की विधि सिखाई गई। विशेषज्ञों द्वारा सामग्री के चयन, तैयार करने की प्रक्रिया तथा सुरक्षित भंडारण के बारे में भी जानकारी दी गई।
इस पहल से महिलाओं को घरेलू स्तर पर छोटे व्यवसाय शुरू करने के अवसर मिलेंगे, जिससे उनकी आय में वृद्धि होने की संभावना है। साथ ही यह प्रशिक्षण उन्हें सामाजिक और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने में भी सहायक होगा।
स्थानीय महिलाओं ने इस कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण से उन्हें नई कौशल सीखने और अपने परिवार की आय बढ़ाने का अवसर मिलेगा। एमएसपी परिवार द्वारा भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन की बात कही गई है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका के नए अवसर विकसित किए जा सकें।
इस अवसर पर एमएसपी की तरफ से डीजीएम सीएसआर जितेंद्र प्रताप सिंह, पारस नाथ यादव, चंद्रेश टांक एवं अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।




