रायगढ़ (सृजन न्यूज)। जिले में आधारभूत संरचना को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए गुरुवार को जिला प्रशासन रायगढ़ और साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए।
इस एमओयू के तहत छाल से खरसिया रोड (स्टेट हाईवे–18) के कुल 4.5 किलोमीटर लंबी सड़क के सुदृढ़ीकरण कार्य को किया जाएगा। विदित हो कि इस कार्य के लिए SECL द्वारा कुल 15.34 करोड़ रुपए की स्वीकृति प्रदान की गई थी। इस कार्य का क्रियान्वयन लोक निर्माण विभाग (PWD) रायगढ़ द्वारा किया जाएगा।
इस सड़क के सुदृढ़ीकरण से क्षेत्र में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी तथा स्थानीय नागरिकों और उद्योगों को भी काफी लाभ मिलेगा। साथ ही, खनन क्षेत्र में भारी वाहनों के आवागमन को सुरक्षित और सुगम बनाने में भी यह परियोजना महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
जिला प्रशासन रायगढ़ और एसईसीएल रायगढ़ क्षेत्र के बीच हुए इस समझौते को क्षेत्र के विकास और बेहतर यातायात व्यवस्था की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। इस अवसर पर एसईसीएल रायगढ़ जीएम मनोज कुमार और पीडब्ल्यूडी ईई अमित कश्यप समेत कई अधिकारी, कर्मचारी मौजूद रहे।
छाल-खरसिया रोड के सुदृढ़ीकरण के लिए प्रशासन और एसईसीएल के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर
0




