अहंकार से दूर रहिए, तभी प्रेम की डोरी से बंधते हैं कृष्ण : महेश तिवारी

by SUNIL NAMDEO
0 comment
img-20260221-wa01799122518692518146593.jpg
previous arrow
next arrow

कान्हा की वेशभूषा में बालक ने फोड़ी मटकी, भगवान को लगा छप्पन भोग

रायगढ़ (सृजन न्यूज)। रायगढ़ के सबसे प्राचीन राम मंदिर में छात्र समिति द्वारा आयोजित श्रीमद भागवत कथा के पांचवे दिवस पंडित महेश तिवारी ने लोगों को धर्म का मर्म समझाते हुए कृष्ण की बाल लीला, कालिया मर्दन और गोवर्धन पूजा से जुड़े प्रसंगों की व्याख्या की। कथा पंडाल में कान्हा की वेशभूषा धारण किए नन्हे बालक ने मटकी फोड़ी तो भगवान को छप्पन भोग भी लगाते हुए श्रद्धालुओं ने अपनी भक्ति दिखाई।

शहर के रामगुड़ी पारा में विगत 13 दिसंबर से चल रहे संगीतमय भागवत कथा ज्ञान सप्ताह में बिलासपुर के नगोई से पधारे पं. महेश तिवारी व्यासपीठ से सनातन धर्म का प्रचार करते हुए पुरानी बस्ती के वातावरण को कृष्णमय बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि भगवान को प्रेम से बांधा जाता है। प्रेम और भक्ति से ही कृष्ण के समीप मन पहुंचता है। मन और बुद्धि में केवल दो अंगुली की दूरी है। अहंकार से दूर रहिए तभी प्रेम की डोरी से कृष्ण बंधते हैं।

कथावाचक महेश तिवारी ने आगे कहा कि धन, मद और अहंकार का नशा मनुष्य को गिरा देता है। जो व्यक्ति मानव जन्म पाकर भी धर्म नहीं करता, उसका परिणाम सुखद नहीं होता। किसी के प्रति दुर्भावना नहीं रखना चाहिए। जीवन में मुस्कुराना अच्छी बात है और यह स्वास्थ्य के लिए लाभदायक भी है, मगर कभी किसी को अपमानित करने के लिए हंसना नहीं चाहिए। किसी का दिल दुखाकर भगवान को पाया नहीं जा सकता।

बिलासपुर के कलाकारों ने किया मोर नृत्य

भागवत कथा में उस समय श्रद्धालु झूमने लगे, जब बिलासपुर से आई दो कलाकार युवतियों ने कथावाचक के संगीतमय भजन में मोर नृत्य करते हुए खूब समां बांधा। मोर की तरह सजी युवतियों को थिरकते देख लोग भी रह नहीं सके और उनके साथ इस कदर झूमे कि पंडाल में मोबाइल से वीडियो और फोटो लेने के लिए होड़ सी मच गई।

कांग्रेस-भाजपा नेताओं ने किया कथा श्रवण

धार्मिक कार्यों में सरोकार रखने वाली छात्र समिति के भागवत कथा का श्रवण कर पुण्य के भागीदार बनने के लिए प्रत्येक दिवस विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े शख्स पहुंच रहे हैं। इसी क्रम में भाजपा नेता आशीष ताम्रकार, पार्षद हरि सराफ, मित्रमणि त्रिपाठी, अभय अग्रवाल तो कांग्रेस से अरुण गुप्ता, संतोष बोहिदार के अलावे बरजो महाराज, राजू महाराज, गणेश सेठिया ने व्यासपीठ में मत्था टेकते हुए कथावाचक से आशीर्वाद लिया।

You may also like

Leave a Comment