रायगढ़ के लोइंग मंडल में प्रशिक्षण महाअभियान का हुआ समापन

रायगढ़ (सृजन न्यूज)। भाजपा द्वारा चलाए जा रहे मंडल प्रशिक्षण महाअभियान रायगढ़ जिले में सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संचालित हुआ। इसी क्रम में लोइंग मंडल में आयोजित प्रशिक्षण अभियान का समापन सत्र उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।
समापन सत्र में जिला भाजपा महामंत्री विकास केडिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण शिविर की महत्ता समझाते हुए कहा कि भाजपा समय-समय पर इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन करती है, जो संगठन की मजबूती का आधार होते हैं।यह प्रशिक्षण महाअभियान प्रत्येक 4 वर्षों में आयोजित किया जाता है। इसका प्रमुख उद्देश्य नए कार्यकर्ताओं को पार्टी की रीति-नीति, विचारधारा एवं सिद्धांतों से परिचित कराना है। साथ ही यह अभियान कार्यकर्ताओं के व्यक्तित्व विकास, संगठनात्मक क्षमता वृद्धि एवं जिम्मेदार नेतृत्व तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
श्री केडिया ने कहा कि भाजपा एक विचार आधारित संगठन है, जहां कार्यकर्ता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत हैं। ऐसे प्रशिक्षण शिविर कार्यकर्ताओं को न केवल वैचारिक रूप से सशक्त बनाते हैं, बल्कि उन्हें संगठन के कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के लिए भी प्रेरित करते हैं। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि लोइंग मंडल का यह समापन सत्र जिले का अंतिम प्रशिक्षण सत्र था। इसके साथ ही रायगढ़ जिले के सभी मंडलों में प्रशिक्षण महाअभियान सफलतापूर्वक पूर्ण हो चुका है, जो संगठन के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक सशक्त बनाने एवं पार्टी के सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प भी लिया।




