जशपुरनगर (सृजन न्यूज)। जशपुर वन परिक्षेत्र अंतर्गत किनकेल घाटी के सड़क किनारे स्थित आरक्षित वन आरएफ 558 क्षेत्र में विगत दिवस 4 मार्च को आग लगने की सूचना दूरभाष के माध्यम से प्राप्त हुई।
सूचना प्राप्त होते ही वनमण्डलाधिकारी जशपुर शशि कुमार, उपवनमण्डलाधिकारी करण सिंह, वन परिक्षेत्राधिकारी, विवेक भगत अपने मातहत अमले एवं फायर वाचर के साथ तत्काल घटना स्थल पर पहुँचे। मौके पर पहुँचकर स्थिति का आकलन करते हुए फायर ब्लोअर मशीन एवं उपलब्ध संसाधनों की सहायता से आग बुझाने की कार्यवाही प्रारंभ की गई। विभागीय टीम की त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई के परिणामस्वरूप आग पर शीघ्र ही नियंत्रण प्राप्त कर लिया गया तथा उसे आसपास के वन क्षेत्र में फैलने से रोक दिया गया।
ऐन समय पर की गई इस कार्रवाई से वन संपदा को संभावित क्षति से बचाया जा सका। वन विभाग द्वारा क्षेत्र में सतत निगरानी एवं गश्त की जा रही है, ताकि आग की पुनरावृत्ति को रोका जा सके तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके। यही नहीं, थानीय ग्रामीणों को वनों में आग से होने वाले दुष्परिणामों के संबंध में जागरूक करते हुए उनसे वन संरक्षण में सक्रिय सहयोग करने की अपील भी की जा रही है।
वन विभाग जशपुर द्वारा आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे वनों में आग न लगाएँ तथा यदि कहीं भी आग लगने की घटना दिखाई दे तो उसकी सूचना तत्काल निकटतम वन अधिकारी अथवा वन कर्मचारी को दें, जिससे समय रहते आग को बुझाया जा सके। वनों में जानबूझकर आग लगाने अथवा आग लगाते हुए पकड़े जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध भारतीय वन अधिनियम, 1927 की धारा 26 के अंतर्गत कठोर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। वन विभाग सभी नागरिकों से वनों की सुरक्षा एवं संरक्षण में सहयोग की अपेक्षा करता हैं, जिससे पर्यावरण संतुलन एवं वन्यजीवों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।




