

रायगढ़ (सृजन न्यूज)। भारतीय जनता पार्टी के तत्वावधान में पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान–2026 के अंतर्गत जिला स्तरीय प्रशिक्षण योजना बैठक एवं कार्यशाला 22 फरवरी को जिला भाजपा कार्यालय, रायगढ़ में किया जाएगा। यह कार्यशाला संगठनात्मक मजबूती, वैचारिक स्पष्टता तथा बूथ स्तर तक संगठन के सुदृढ़ीकरण की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत, दीप प्रज्वलन एवं वंदेमातरम् के साथ किया जाएगा। मुख्य अतिथि के रूप में लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया, राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, प्रदेश संयोजक प्रशिक्षण महाअभियान अवधेश जैन, बिलासपुर संभाग प्रभारी रामू रोहरा, जिला प्रभारी रायगढ़ प्रशांत सिंह ठाकुर, जिला भाजपाध्यक्ष अरुणधर दीवान विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे और कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।
कार्यशाला के विभिन्न सत्रों में संगठन की संरचना एवं कार्यप्रणाली, प्रशिक्षण की चरणबद्ध योजना, मंडल स्तर पर क्रियान्वयन की रणनीति, विषयवार वक्ताओं की नियुक्ति, बूथ सशक्तिकरण अभियान, पन्ना प्रमुख की भूमिका, प्रभावी जनसंपर्क तकनीक, सोशल मीडिया के माध्यम से संवाद, केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी तथा संगठन विस्तार की भावी कार्ययोजना जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
