रायगढ़ (सृजन न्यूज)। जिला पंचायत सदस्य बनने की रेस में क्षेत्र क्रमांक 5 से भाग्य आजमा रहे युवा नेता आकाश मिश्रा को जनता का खूब समर्थन मिल रहा है। चुनाव चिन्ह दो पत्ती छाप से जनसंपर्क में निकले आकाश को विश्वास है कि लोग यदि उन्हें दुबारा डीडीसी बनाएंगे तो वे जनहित न में विकास की गंगा बहाते हुए बुनियादी सुविधाओं की सौगात जरूर देंगे।
नगरीय निकाय चुनाव के बाद अब बारी जिला पंचायत की है। रायगढ़ जिले के पुसौर विकासखण्ड के क्षेत्र क्रमांक 5 इनदिनों हाई प्रोफाइल सीट बनकर चर्चा में है। दरअसल, इस क्षेत्र से दो पत्ती छाप चुनाव चिन्ह लेकर समर्थकों की टोली लेकर युवा नेता आकाश मिश्रा जब गांव-गांव में प्रचार करने निकलते हैं तो उन पर स्नेह रस की वर्षा बरसाने वालों की संख्या देखने लायक होती है। यही कारण है कि पूर्व गृहमंत्री दिवंगत नंदकुमार पटेल के कभी खास सिपहसलार माने जाने वाले आकाश को अपनी पिछले कार्यकाल का लाभ इस चुनाव में मिलने की जोरदार उम्मीद है।
सृजन न्यूज से ख़ास बातचीत में डीडीसी कैंडिडेट आकाश मिश्रा कहते हैं कि इसके पहले वे क्षेत्र क्रमांक 4 के जिला पंचायत सदस्य थे तो उस दौरान उन्होंने लोकहित के मद्देनजर विकास कार्य करते हुए जिस तरह लोगों के सुख-दुख में साथ खड़े रहे, उसका लाभ उनको इस चुनाव में अवश्य मिलेगा। वहीं, स्थानीय युवकों को रोजगार मुहैय्या कराने का सुखद फल भी उन्हें मिलेगा।
आकाश ने दावा किया कि अगर अबकी बार वे पुनः जिपं सदस्य चुने जाएंगे तो क्षेत्र क्रमांक 5 के बेरोजगारों को एनटीपीसी लारा और अडानी कंपनी में रोजगार दिलाना उनकी प्राथमिकता है। यही नहीं, क्षेत्र क्रमांक 5 के हर गांव को विकास की मुख्य धारा में जोड़ते हुए मूलभूत सुविधाओं से परिपूर्ण करना उनका संकल्प है। चूंकि, आकाश हरेक पोलिंग बूथ में 3 से 4 मर्तबे पहुंच चुके हैं, इसलिए मिले जनआशीर्वाद से वे न केवल अभिभूत हैं, बल्कि उन्हें यकीन भी है कि सियासी विजय पताका लहराने का सौभाग्य उन्हें जरूर मिलेगा।





