
रायगढ़ (सृजन न्यूज)। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की जिला इकाई द्वारा 12 मार्च को रायगढ़ में भाजपा कार्यालय का घेराव करते हुए विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। यह कार्यक्रम प्रदेश में तेजी से फैल रहे नशे के कारोबार तथा राज्य सरकार पर इसे संरक्षण देने के आरोप के विरोध में आयोजित किया जा रहा है। जिला कांग्रेस कमेटी रायगढ़ (ग्रामीण) के अध्यक्ष नगेंद्र नेगी और शहर अध्यक्ष शाखा यादव के मार्गदर्शन में आयोजित यह घेराव कार्यक्रम दोपहर 12 बजे जिला मुख्यालय स्थित भाजपा कार्यालय के सामने किया जाएगा।
जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता तारेन्द्र डनसेना ने बताया कि छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार के संरक्षण में सूखा नशा यानी अफीम की खेती उनके ही नेताओं के द्वारा ही की जा रही है। इसमें दुर्ग के बाद अब बलरामपुर जिले में अफीम की खेती का खुलासा हुआ है। ऐसे में लगता है कि इस डबल इंजन की सरकार अब प्रदेश को अफीम की खेती का गढ़ बनाने का प्रयास कर रही है। इसके विरोध में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के दिशा निर्देश पर रायगढ़ जिला के ग्रामीण अध्यक्ष नगेन्द्र नेगी और शहर अध्यक्ष शाखा यादव के मार्गदर्शन में 12 मार्च को अपरान्ह 12 बजे जिला भाजपा कार्यालय का घेराव किया जाएगा।
इसके पश्चात उसी दिन दोपहर 3 बजे रायगढ़ कांग्रेस भवन में संगठनात्मक बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में बिलाईगढ़ के पूर्व विधायक चंद्रदेव राय की उपस्थिति में बूथ, पंचायत और वार्ड कमेटियों के गठन तथा बीएलए नियुक्ति के संबंध में चर्चा की जाएगी। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों की रणनीति पर भी विचार किया जाएगा।




