Home राजनीतिक कांग्रेस ने घेरा थाना, कहा – खतरे में है लोकतंत्र

कांग्रेस ने घेरा थाना, कहा – खतरे में है लोकतंत्र

by SUNIL NAMDEO

घरघोड़ा/रायगढ़(सृजन न्यूज)। युवा कांग्रेस के बैनर तले जिला कांग्रेस अध्यक्ष ग्रामीण नगेन्द्र नेगी, प्रदेश महासचिव युवा कांग्रेस राकेश पांडेय, पीसीसी अनिल अग्रवाल, डीसीसी यतीश गांधी, जिला एनएसयूआई आरिफ हुसैन, जिला युवा कांग्रेस अनुराग गुप्ता के आतिथ्य में घरघोड़ा में कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ नेताओं ने आज थाने का घेराव कर प्रशासन और पुलिस के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन नगर पंचायत उपाध्यक्ष सुरेंद्र चौधरी और अमित त्रिपाठी पर दर्ज कथित फर्जी मामले और लोढ़ाझर के युवक पर हुए जानलेवा हमले में निष्क्रियता के साथ घरघोड़ा थाने के संरक्षण में चल रहे अनैतिक गतिविधियों को लेकर किया गया।

        प्रदर्शनकारी कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि पुलिस सत्ताधारी दल के दबाव में काम कर रही है और न्याय के बजाय अन्याय को संरक्षण दे रही है। कांग्रेस के सैकड़ों कार्यकर्ता कारगिल चौक से रैली की शक्ल में निकले और जय स्तंभ चौक पर पहले से तैयार पुलिस फोर्स से सीधा सामना हुआ। जैसे ही कांग्रेस की रैली जय स्तंभ चौक पर पहुंची, पुलिस ने भारी बेरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोकने की कोशिश की। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं पुलिस बल के बीच झूमाझटकी की स्थिति बनी रही, पर प्रदर्शनकारी पीछे नहीं हटे और पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन सौंपा गया। इसमें पुलिस की पक्षपातपूर्ण कार्यशैली और फर्जी मुकदमों की जांच की मांग की गई।

                                          घेराव के दौरान नगेंद्र नेगी, राकेश पांडेय, अनिल अग्रवाल चीकू, यतीश गांधी, सुरेंद्र चौधरी, किरोड़ी तायल समेत कांग्रेस नेताओं ने तीखा बयान देते हुए कहा कि लोकतंत्र की सुनियोजित हत्या घरघोड़ा पुलिस कर रही है। लोढ़ाझर के युवक पर जानलेवा हमला हुआ, कोई मामला दर्ज नहीं हुआ। कांग्रेस के नगर पंचायत उपाध्यक्ष ने जब न्याय की मांग की, तो उनके खिलाफ ही फर्जी मामला दर्ज कर लिया गया। थाना अब गरीबों को न्याय का मंदिर नहीं, सत्ता पोषितों की सेवा का केंद्र बन चुका है। विभिन्न अनैतिक गतिविधियों को पुलिस संरक्षण दे रही है। रेत तस्करी से लेकर जुए तक सब पुलिस के साये में चल रहे। यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो एक महीने बाद एसपी कार्यालय का घेराव होगा।आंदोलन का नेतृत्व कर रहे युकां नेता उस्मान बेग के ऊर्जा से भरे कई बयान ने प्रदर्शन में और भी उबाल ला दिया। कार्यकर्ता “लोढ़ाझर के पीड़ित को न्याय दो”, “लोकतंत्र की हत्या बंद करो” जैसे नारों के साथ गरजते रहे।

             युवा कांग्रेस ने आंदोलन बाद एसडीएम एडिशनल एसपी को थाना प्रभारी के माध्यम से एसपी रायगढ़ को ज्ञापन दिया और कहा कि हम, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के कार्यकर्ता, घरघोड़ा क्षेत्र की आम जनता, इस ज्ञापन के माध्यम से आपको अवगत कराना चाहते हैं कि घरघोड़ा क्षेत्र में इन दिनों कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। राजनीतिक द्वेषवश कांग्रेस नेता एवं नगर पंचायत उपाध्यक्ष अमित त्रिपाठी के विरुद्ध झूठे एवं फर्जी प्रकरण दर्ज कर उन्हें बदनाम करने का षड्यंत्र है। यह न केवल राजनीतिक साजिश है, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों पर भी सीधा प्रहार है। हम निम्नलिखित बिंदुओं पर तत्काल कार्रवाई की मांग करते हैं:

  1. नगर पंचायत उपाध्यक्ष अमित त्रिपाठी पर दर्ज फर्जी केस की निष्पक्ष जांच कर तत्काल अपराध को शून्य (रद्द) किया जाए।
  2. घरघोड़ा क्षेत्र में आम जनता पर हो रहे अन्यायपूर्ण पुलिसिया रवैये पर रोक लगाई जाए
  3. खनिज तस्करी पर तत्काल रोक लगाकर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।
  4. तत्कालीन लाइन अटैच थानेदार के खिलाफ वसूली के प्रकरण में एफआईआर दर्ज की जाए।
  5. खरसिया ब्लॉक के भूपदेव पुर थाना क्षेत्र, ग्राम लोढ़ाझर निवासी छाया साहू पति यदुनाथ साहू पुत्र जगमोहन साहू की रिपोर्ट पर कार्यवाही की जाए।
  6. हम चेतावनी देते हैं कि यदि उपरोक्त बिंदुओं पर शीघ्र संज्ञान लेकर एक माह के भीतर उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो कांग्रेस पार्टी एवं क्षेत्रीय जनता मिलकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय रायगढ़ का घेराव करेगी। इसके समस्त दायित्व पुलिस प्रशासन एवं जिला प्रशासन का होगा।

घटनास्थल पर एडिशनल एसपी, एसडीओपी स्वयं मौजूद रहे और स्थिति पर नजर बनाए रखी। हालांकि, अभी तक पुलिस की ओर से कोई ठोस बयान नहीं आया है, जिससे जनता और कांग्रेस नेताओं में असंतोष और बढ़ गया है। सवाल यह है कि क्या इस घेराव का असर पुलिस के रवैये पर पड़ेगा या यह सिर्फ एक और ‘अनसुनी चीख’ बनकर रह जाएगा? कांग्रेस का यह घेराव एक सामान्य विरोध नहीं, बल्कि आने वाले राजनीतिक संघर्ष की झलक है। अगर प्रशासन और पुलिस ने इसे गंभीरता से नहीं लिया तो आने वाले दिनों में रायगढ़ जिले में राजनीतिक तापमान और चढ़ने के पूरे आसार हैं।

You may also like