जेसीआई रायगढ़ सिटी ने ‘इफेक्टिव पब्लिक स्पीकिंग’ ट्रेनिंग का किया शानदार आयोजन

रायगढ़ (सृजन न्यूज)। जेसीआई रायगढ़ सिटी द्वारा व्यक्तित्व विकास की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए ‘इफेक्टिव पब्लिक स्पीकिंग’ कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। इस ट्रेनिंग का मुख्य उद्देश्य सदस्यों और प्रतिभागियों के भीतर से मंच का डर दूर करना और संवाद शैली को बेहतर बनाना था।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य प्रशिक्षक जेसी नवीन कुमार तिवारी ने बताया कि हम एक-दूसरे से किस तरह प्रभावी ढंग से बात कर सकते हैं। उन्होंने सिखाया कि पब्लिक स्पीकिंग केवल शब्दों का चयन नहीं, बल्कि आत्मविश्वास और बॉडी लैंग्वेज का सही तालमेल है। उन्होंने प्रतिभागियों को मंच पर बोलने की बारीकियों और प्रस्तुतिकरण के तरीकों से अवगत कराया।
जेसीआई रायगढ़ सिटी के अध्यक्ष गुलशन अग्रवाल ने कहा कि संस्था का मुख्य लक्ष्य युवाओं का व्यक्तित्व विकास करना है। पब्लिक स्पीकिंग की यह ट्रेनिंग न केवल पेशेवर जीवन में, बल्कि व्यक्तिगत जीवन में भी एक नई ऊर्जा और दृष्टिकोण प्रदान करती है। उन्होंने इस सफल आयोजन के लिए पूरी टीम और प्रशिक्षक का आभार व्यक्त किया। प्रोग्राम डायरेक्टर सीए अमन मित्तल ओर को-प्रोग्राम डायरेक्टर आदित्य अग्रवाल थे। यह जानकारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से संस्था के पीआरओ जेसी सुमन दत्ता ने दी।




