
रायगढ़ (सृजन न्यूज)। जिले के गेरवानी गाँव में मशरूम स्पॉन उत्पादन इकाई का आज उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम एचडीएफसी बैंक परिवर्तन (सीएसआर) एवं प्रदान संस्था के सहयोग से आयोजित किया गया।
ग्राम गेरवानी में जय माँ भवानी पीजी ग्रुप का गठन कर इस मशरूम स्पॉन उत्पादन इकाई की स्थापना की गई है। इसके लिए लगभग 620 वर्ग फीट का शेड बनाया गया है तथा मशरूम स्पॉन उत्पादन के लिए आवश्यक सभी सामग्री HDFC बैंक परिवर्तन एवं प्रदान संस्था द्वारा उपलब्ध कराई गई है। इस इकाई के जरिये क्षेत्र के किसानों को स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण मशरूम बीज (स्पॉन) उपलब्ध हो सकेगा। इससे मशरूम उत्पादन को बढ़ावा के साथ किसानों की आय बढ़ाने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत गीत के साथ हुई, फिर रोशनी ग्राम संगठन की दीदियों ने अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया। प्रदान संस्था के रहमान अंसारी ने परियोजना की पृष्ठभूमि एवं उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इस मशरूम स्पॉन यूनिट की स्थापना के लिए पंचायत स्तर पर बैठकें आयोजित हुई। भुवनेश्वर में एक्सपोज़र विज़िट के माध्यम से सीख प्राप्त की गई। शेड का डिजाइन तैयार किया गया तथा समूह की दीदियों को प्रशिक्षण भी दिया गया।
अतिथियों और रायगढ़ महिला संघ की दीदियों द्वारा रिबन काटकर मशरूम स्पॉन उत्पादन इकाई का औपचारिक उद्घाटन किया गया। उद्घाटन के पश्चात जय माँ भवानी पीजी ग्रुप गेरवानी की सदस्याओं द्वारा उपस्थित लोगों को मशरूम स्पॉन उत्पादन की पूरी प्रक्रिया का प्रदर्शन कर जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान रामश्याम दनसेना एवं अशोक अग्रवाल ने अपने संबोधन में किसानों को मशरूम उत्पादन के माध्यम से उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया। इसके साथ ही मशरूम किसान अंजू व मशरूम उद्यमी संतोषी भट्ट ने अपने अनुभव साझा किए।
कार
रायगढ़ महिला संघ की अध्यक्ष कमला पटेल ने बताया कि आगामी वर्ष में लगभग 2000 किसानों को मशरूम खेती से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। अंत में प्रदान संस्था के श्री रोहित मेहता ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। इस पहल से रायगढ़ ब्लॉक सहित आसपास के विकासखंडों के किसानों को मशरूम उत्पादन के लिए स्थानीय स्तर पर बीज उपलब्ध होगा और क्षेत्र में सामुदायिक उद्यम को बढ़ावा मिलेगा।
इस कार्यक्रम में जनपद उपाध्यक्ष रायगढ़ रामश्याम डनसेना, ग्राम पंचायत गेरवानी के सरपंच मुकेश अग्रवाल, ग्राम पंचायत देलारी के सरपंच वीरेंद्र चौहान, अन्य पंचायत प्रतिनिधि, श्रीमती रंजीता रॉय, रायगढ़ महिला संघ के पदाधिकारी, महिला किसान, जय माँ भवानी पीजी ग्रुप गेरवानी की सदस्याएँ तथा प्रदान संस्था के स्टाफ उपस्थित रहे।




