

रायगढ़ (सृजन न्यूज)। महाराजा चक्रधर सिंह के दरबार के स्तंभ नृत्याचार्य स्व. पंडित फिरतु महाराज की स्मृति में देवकीनंदन दीक्षित सभागार शनिचरी बिलासपुर में आयोजित दो दिवसीय अखिल भारतीय नृत्य संगीत समारोह की प्रथम संध्या में ऋतु पर आधारित समूह नृत्य प्रस्तुति ऋतु श्रृंगार होगी।

इसमें श्री वैष्णव संगीत महाविद्यालय की प्रतिभावान छात्रा और बनारस हिंदू विश्वविद्यालय की गोल्ड मेडलिस्ट सुश्री चित्रांशी पणिकर तथा महाविद्यालय की होनहार छात्रा एवं भूतपूर्व सहायक शिक्षिका (संविदा) इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय खैरागढ़ सुश्री निहारिका यादव सम्मिलित होंगी। समारोह की द्वितीय संध्या में महाविद्यालय के कलाकार सुश्री निधि बाजपई, आद्या अग्रवाल, वर्णिका अग्रवाल, मिष्टी वैष्णव, अरण्या गोयल एवं पंखुड़ी गुप्ता अपनी सामूहिक नृत्य प्रस्तुति देंगे नृत्य निर्देशन गुरु शरद वैष्णव का होगा।

इनके साथ संगत में दीपक साहू तबला, लालाराम लोनिया गायन, कुशाल दास महंत बांसुरी पर होंगे। दो दिवसीय इस कार्यक्रम में देश के नामचीन कलाकार शिरकत कर रहे हैं। द्वितीय दिवस में कार्यक्रम का समापन गुरु शरद वैष्णव के निर्देशन में सुश्री चित्रांशी पणिकर रायगढ़ घराने की स्वतंत्रता एकल कथक प्रस्तुति से होगा। महाविद्यालय से जुड़े कला प्रेमियों ने श्री वैष्णव संगीत महाविद्यालय के कलाकारों को श्रेष्ठ प्रस्तुति हेतु शुभकामनाएं प्रस्तुत की है।
