रायगढ़ (सृजन न्यूज)। शहर की प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान आईरिस इंग्लिश मीडियम प्रायमरी स्कूल में वार्षिक उत्सव समारोह अत्यंत हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं नगर के गणमान्य नागरिकों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही।

मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व विधायक प्रकाश नायक की पत्नी सुषमा नायक उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथियों में अनिल शुक्ला (पूर्व कांग्रेस जिला अध्यक्ष), शाखा यादव (वर्तमान जिला अध्यक्ष) तथा वार्ड क्रमांक 9 की पूर्व पार्षद रंजना कमल पटेल विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों नृत्य, गीत एवं नाट्य प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया और तालियों की गूंज से पूरा परिसर आनंदमय हो उठा। अपने उद्बोधन में सुषमा प्रकाश नायक ने बच्चों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के आत्मविश्वास, प्रतिभा और व्यक्तित्व विकास को नई दिशा देते हैं। उन्होंने विद्यालय परिवार के प्रयासों की सराहना की।
कांग्रेस नेता अनिल शुक्ला ने विद्यालय की संचालिका रिंकी पांडेय और समस्त स्टाफ को विशेष बधाई देते हुए कहा कि कोरोना काल जैसी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में जब अनेक बड़े विद्यालय बंद हो गए, तब रिंकी पांडेय ने साहस, धैर्य और दृढ़ संकल्प के साथ विद्यालय को निरंतर आगे बढ़ाया। यह उनकी नेतृत्व क्षमता और समर्पण का श्रेष्ठ उदाहरण है।
वहीं, कांग्रेस नेता शाखा यादव ने बच्चों को आशीर्वचन देते हुए अपने बचपन की स्मृतियों को साझा किया और कहा कि विद्यालय जीवन ही भविष्य की मजबूत नींव तैयार करता है। उन्होंने बच्चों को मेहनत, अनुशासन और संस्कारों के महत्व पर विशेष बल दिया। अंत में विद्यालय परिवार द्वारा अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया।
