रायगढ़ (सृजन न्यूज)। शहर के लक्ष्मीपुर स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में शिशु नगरी का कार्यक्रम बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। बच्चों में रचनात्मक एवं कलात्मक कार्यों का सृजन करने तथा अभिभावकों की विद्यालय में सहभागिता के लिए विद्या भारती ने यह आयोजन किया। मुख्य अतिथि पंकज गोयल एवं उनकी पत्नी श्रीमती रीता गोयल रहे।

सर्वप्रथम मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि के द्वारा ओम भारत माता सरस्वती माता के समक्ष दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। सरस्वती वंदना के पश्चात प्राचार्या विनीता श्रीवास ने अतिथियों का परिचय कराया। बहन अवंतिका काठिया के द्वारा तिलक स्वागत हुआ। शिशु नगरी क्यों, इस विषय पर शिशु वाटिका विभाग प्रमुख चंद्रकांति विश्वकर्मा ने विषय रखा।

शिशु नगरी कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्राचार्य विनीता श्रीवास ने प्रकाश डाला। इसके पश्चात विभिन्न प्रकार की झांकियां सहयोगी एवं हमारी भारतीय संस्कृति से जुड़ी हुई श्रीकृष्ण जन्म, लव-कुश संवाद, कालिया मर्दन की झांकियां का अवलोकन किया गया। इस अवसर पर भैया बहनों और अभिभावकों के लिए शब्द दौड़, प्रश्न मंच, सांस्कृतिक कार्यक्रम, वेशभूषा, नारियल फेक, रस्साकसी, जोड़ी दौड़ का भी आयोजन हुआ। मातृशक्ति ने विभिन्न प्रकार के व्यंजनों का स्टाल भी लगाया।

इस कार्यक्रम में जिला समन्वयक परमानंद नायक, जिला प्रतिनिधि गणेश चंद्र यादव, प्रधानाचार्य रमेशधर द्विवेदी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में शिशु वाटिका प्रमुख लक्ष्मी पटेल, अमिता यादव, सांस्कृतिक प्रमुख फणिमा गायकवाड, समस्त आचार्यों का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम का संचालन निशा ब्रम्हभट ने किया। पुरस्कार वितरण के पश्चात कार्यक्रम का समापन हुआ।