मृतक अविनाश शर्मा रायगढ़ के मंगलम में गाड़ी चलाने का करता था काम, 5 बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
रायगढ़ (सृजन न्यूज)। शहर के महिला समृद्धि बाजार कर पीछे नाली में एक अधेड़ शख्स की संदिग्ध परिस्थितियों में लाश मिलने का मामला प्रकाश में आया है। मृतक बनियान और जांघिया पहना था और उसके बाकी कपड़े महिला समृद्धि बाजार की छत पर पड़े थे। मृतक की पहचान मंगलम मैरिज घर में गाड़ी चलाने वाले अविनाध शर्मा के रूप में हुई, जो 5 मासूम बच्चों का पिता था।

सिटी कोतवाली से कुछ दूर स्थित हंडी चौक से गौशाला मार्ग में आज सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब महिला समृद्धि बाजार के ऊपर चढ़े लोगों की नजर नीचे नाली में बनियान और जांघिया पहने एक ऐसे शख्स पर पड़ी, जो औंधे मुंह पड़ा था। फिर क्या, गणेश तालाब के पास अर्धनग्न हालत में लाश मिलने की खबर फैलते ही जब महिला समृद्धि बाजार में भीड़ लगी तो इसकी सूचना क्षेत्रोय पार्षद शेख सलीम नियारिया को दी गई।

वहीं, मौके की नजाकत को भांप पार्षद सलीम नियारिया ने नजदीकी सिटी कोतवाली में घटना की जानकारी दी। कुछ ही देर में कोतवाली पुलिस ने मौके पर पंहुचकर जब नाली में समाए शक्श को बाहर निकाला तो पाया कि चेहरे तथा सिर से खून बह रहा था और उसकी जान निकल चुकी थी। ऐसे में शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेजते हुए पुलिस ने महिला समृद्धि बाजार के छत जाकर तलाशी ली तो वहां मृतक की कमीज, पेंट और चप्पल पड़े मिले। खाकी वर्दीधारियों ने आसपास के लोगों से पूछताछ भी की, मगर मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई। बताया जाता है कि जिला चिकित्सालय में मृतक की पहचान सरिया निवासी अविनाश शर्मा पिता बृजेश शर्मा (40 वर्ष) के रूप में हुई, जो रायगढ़ के हंडी चौक में स्थित मंगलम विवाह घर के मालिक रघुवीर सिंह वाधवा के यहां गाड़ी चलाने का काम करता था। फिलहाल, 3 बेटी और 2 बेटे समेत 5 बच्चों के पिता की असमय मौत से गरीब शर्मा परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट गया है।

महिला समृद्धि बाजार बना अघोषित बार
मोहल्ले वासियों की माने तो महिला समृद्धि बाजार का छत काफी समय से अघोषित बार बन गया है। शाम को अंधेरा छाते ही वहां की दुकानें जब बंद होती है तो मदिरा प्रेमियों के लिए यह मुफीद ठिकाना बन जाता है। यही वजह है कि लोगों ने इस अघोषित बार को गुलजार करने वाले असामाजिक तत्वों की खैरखबर लेने की अपील करते हुए कोतवाली पुलिस से रात्रि गश्त की मांग भी की है।