श्याम दीवाने परिवार 26 फरवरी को निकालेगी अर्जी निशान यात्रा

by SUNIL NAMDEO
0 comment
img-20260221-wa01799122518692518146593.jpg
previous arrow
next arrow

रायगढ़ में श्रद्धा, उल्लास और भक्ति भाव का बनेगा अद्भुत संगम

रायगढ़ (सृजन न्यूज)। फाल्गुन सुदी एकादशी पर रायगढ़ की धार्मिक और सांस्कृतिक फिज़ा भक्ति से सराबोर होने जा रही है। 26 फरवरी को श्री श्याम दीवाने परिवार द्वारा 6वीं अर्जी निशान यात्रा का भव्य आयोजन किया जा रहा है, जो श्रद्धा, उल्लास और भक्ति भाव का अद्भुत संगम बनेगा।

श्री श्याम बाबा के जयघोषों, रंग-गुलाल और फूलों की वर्षा के बीच यह निशान यात्रा सायं 4 बजे से श्री राम मंदिर, गांधी गंज, रायगढ़ से प्रारंभ होगी। यात्रा में श्रद्धालु पारंपरिक वेशभूषा में, हाथों में निशान और मुख पर भक्ति भाव लिए बाबा श्याम की आराधना करते हुए नगर भ्रमण करेंगे। इस वर्ष की निशान यात्रा को और भी भव्य बनाने के लिए विशेष आकर्षण जोड़े गए हैं। यात्रा में इत्र वर्षा, फूलों की होली, झांकियां, छप्पन भोग, तथा बाबा का भव्य रथ श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेंगे। जगह – जगह भक्तों द्वारा पुष्पवर्षा और स्वागत से पूरा मार्ग भक्तिरस में डूब जाएगा।

यात्रा का मार्ग गांधी गंज से प्रारंभ होकर एमजी रोड, रामनिवास टॉकीज, गौरीशंकर मंदिर, कोष्टापारा, गांजा चौक, हटरी चौक, गद्दी चौक होते हुए सुभाष चौक से श्री श्याम मंदिर संजय कॉम्प्लेक्स पहुंचेगा, जहां विधिवत रूप से बाबा को निशान अर्पित किए जाएंगे। निशान की रसीद श्री श्याम मंदिर के पुजारी से प्राप्त की जा सकती है। यह आयोजन केवल एक धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, भक्ति और परंपरा को जीवंत रखने का प्रयास भी है।

इस भव्य आयोजन के आयोजक श्री श्याम दीवाने, रायगढ़ हैं और श्री श्याम मंडल, रायगढ़ सहयोगी संस्था के रूप में सक्रिय भूमिका निभा रही है। आयोजकों ने नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है। फाल्गुन की इस पावन बेला में रायगढ़ एक बार फिर श्याम रंग में रंगने को तैयार है, जहां भक्ति होगी, उल्लास होगा और हर कदम पर “जय श्री श्याम” की गूंज सुनाई देगी।

You may also like

Leave a Comment