रायगढ़ के कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम में दो रोज मचेगी धूम
रायगढ़ (सृजन न्यूज)। सामाजिक कार्यों में बेहद सक्रिय जेसीआई की अभिनव पहल से हर वर्ष मकर संक्रांति पर्व की खुशी में विगत 12 वर्षों से शहर में काईट फेस्टिवल का शानदार आयोजन किया जा रहा है। इसका आनंद शहरवासी अपने परिवार के साथ पारिवारिक माहौल में लेते हैं। संस्था की परंपरा अनुरुप इस बार भी 10 जनवरी को काइट फेस्टिवल का श्रीगणेश होगा और 11 जनवरी तक शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम में फेस्टिवल की धूम रहेगी।
आसमान में उड़ेंगे रंगबिरंगी पतंग –
प्रेस कांफ्रेंस के दौरान जेसीआई रायगढ़ के अध्यक्ष गुलशन अग्रवाल और प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर मुकेश अग्रवाल ने बताया कि काईट फेस्टिवल के आयोजन का यह 12 वां वर्ष होगा। इस वर्ष मुख्य आकर्षण का केंद्र लेजर शो होगा। इसके साथ ही हौजी के अलावा बचपन में खेले जाने वाले खेल भी प्रमुख आकर्षण का केंद्र होंगे। 10 जनवरी को कॉर्निवाल निकलने के साथ ही काईट फेस्टिवल की शुरुआत हो जाएगी। काईट फेस्टिवल के आयोजन के पीछे लोगों को मकर संक्रांति की परंपरा और संस्कृति से जोड़े रखना है।
गुजरात से आएंगे पतंगबाज –
गुजरात से आये पतंगबाज भी अपनी पतंगबाजी का हुनर दिखाते हुए दस से बारह फीट तक लम्बी पतंग उड़ाएंगे ।इस तरह आसमान में उड़ती हुई यह पतंग दूर से ही दिखाई देगी। दो दिवसीय काइट फेस्टिवल के भव्य आयोजन को भव्यता देने में जेसीआई संस्था के सभी सदस्यगण जुटे हैं।




