रायगढ़ बन रहा डेंगू फ्री सिटी!

by SUNIL NAMDEO
0 comment
img-20260221-wa01799122518692518146593.jpg
previous arrow
next arrow

2025 में डेंगू के कहर से मात्र 16 लोग ही आए चपेट में

रायगढ़ (सृजन न्यूज)। नगर निगम रायगढ़ डेंगू फ्री सिटी की ओर अग्रसर हो रहा है। 2024 में 1900 और 2023 में 1000 से ज्यादा डेंगू पॉजिटिव दर्ज हुए थे, वहीं 2025 में सिर्फ 16 डेंगू पॉजिटिव केस दर्ज हुए हैं। वर्ष 2025 के दौरान डेंगू नियंत्रण को लेकर की गई सुनियोजित और सतत कार्रवाई के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। शहर में हर वर्ष अगस्त से नवंबर के बीच डेंगू के 1 हजार से ज्यादा पॉजिटिव केस दर्ज होते थे। इस वर्ष निगम प्रशासन एवं जिला स्वास्थ्य विभाग के रणनीति और समय रहते की गई रोकथाम संबंधित सकारात्मक कार्यों का ही नतीजा रहा कि डेंगू के केवल 16 ही पॉजिटिव मामले सामने आए, जो निगम के पिछले कई वर्षों वर्षों के इतिहास की तुलना में एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

निगम कमिश्नर बृजेश सिंह क्षत्रिय के निर्देशन में बरसात की शुरुआत होते ही निगम की टीम द्वारा शहर के सभी वार्डों के जलभराव स्थलों और डेंगू संक्रमित संभावित वार्डों में डेंगू रोकथाम एवं नियंत्रण कार्य शुरू कर दिए गए थे। डेंगू रोकथाम और नियंत्रण रणनीति के तहत शहर के सभी वार्डों में एंटी लार्वी साइट लिक्विड एवं पाउडर का रोटेशन में लगातार छिड़काव किया गया। इसके साथ ही प्रतिदिन फॉगिंग मशीन के माध्यम से मच्छर नियंत्रण के लिए धुंआ कराया गया, जिससे डेंगू फैलाने वाले एडीज मच्छरों के प्रजनन पर प्रभावी रोक लगी। इस बार डेंगू रोकथाम अभियान को केवल जांच एवं दवाओं तक सीमित न रखते हुए व्यापक जनजागरूकता पर भी विशेष ध्यान दिया गया। इसके लिए निगम प्रशासन एवं जिला स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम द्वारा घर–घर संपर्क, पोस्टर–पंपलेट, माइक अनाउंसमेंट एवं निगम की टीम,स्वच्छता दीदियों एवं मितानिन के माध्यम से नागरिकों को साफ पानी जमा न होने देने, कूलर–टंकी की नियमित सफाई, गमलों व कबाड़ में पानी न भरने जैसे आवश्यक उपायों के प्रति जागरूक किया गया।

नागरिकों की सहभागिता का भी इस अभियान में महत्वपूर्ण योगदान रहा। स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा संदिग्ध मरीजों की समय पर जांच, त्वरित उपचार एवं निगरानी सुनिश्चित की गई। निगम प्रशासन द्वारा सभी मेडिकल मोबाइल यूनिट में भी डेंगू जांच की व्यवस्था और डेंगू लक्षण के सभी संभावित मरीजों की जांच करने के निर्देश दिए गए थे। इसका परिणाम यह रहा कि जहां 2024 में 1900 एवं 2023 में 1000 से ज्यादा डेंगू पॉजिटिव दर्ज हुए थे। वहीं 2025 में सिर्फ 16 डेंगू पॉजिटिव केस दर्ज हुए हैं। जो 16 डेंगू पॉजिटिव पाए गए, वे सभी समय रहते उपचार से पूरी तरह स्वस्थ हो गए। निगम प्रशासन का मानना है कि पूर्व तैयारी, निरंतर निगरानी, तकनीकी उपायों के साथ जनसहयोग ने इस सफलता में अहम भूमिका निभाई। यही वजह है कि डेंगू नियंत्रण के क्षेत्र में मिली यह उपलब्धि साल 2025 की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक मानी जा रही है। विशेषज्ञों का कहना है पिछले कई वर्षों के इतिहास की तुलना में 2025 में डेंगू के सबसे कम सिर्फ 16 केस दर्ज हुए हैं। इससे रायगढ़ निगम क्षेत्र डेंगू फ्री सिटी की ओर अग्रसर होने की बात कही जा रही है।

आगे भी रखें सतर्कता
निगम प्रशासन ने निगम क्षेत्र के नागरिकों से आने वाले वर्षों में भी रायगढ़ शहर को डेंगू जैसी बीमारियों से सुरक्षित रखने के लिए आगे भी सतर्कता बनाए रखने, स्वच्छता नियमों का पालन करने और मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम में सहयोग करने की अपील की है।

You may also like

Leave a Comment