रायगढ़ जिले के बर्खास्त 2 कामगारों को भी मिली सेवा बहाली की सौगात
रायगढ़ (सृजन न्यूज)। नये साल की पूर्व संध्या छत्तीसगढ़ के राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के संविदा कर्मचारियों को बड़ी राहत मिली है। राज्य सरकार ने स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के निर्देश पर मिशन संचालक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, छत्तीसगढ़ द्वारा जारी आदेश में हड़ताल अवधि (18 अगस्त से 19 सितंबर 2025) के दौरान की गई प्रशासनिक कार्रवाई को शून्य करते हुए 25 बर्खास्त संविदा कर्मचारी और अधिकारियों की सेवा बहाली का निर्णय लिया है। इस आदेश के अनुसार, संबंधित कर्मचारियों की जिला स्तर पर सेवा बहाली की जाएगी तथा उनकी कार्य पर उपस्थिति स्वीकार की जाएगी। इसके लिए सभी जिलों के कलेक्टर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा जिला स्वास्थ्य समितियों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

गौरतलब है कि प्रदेश के करीब 16,500 एनएचएम संविदा कर्मचारियों के 10 सूत्रीय मांगों को लेकर गत 18 अगस्त से 19 सितंबर 2025 तक बेमियादी हड़ताल से प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था प्रभावित हुई थी। इसके कारण 25 कर्मचारियों को सेवा से पृथक कर दिया गया था। सरकार के आश्वासन और वार्ता के बाद कर्मचारियों ने हड़ताल समाप्त कर दी थी तथा बर्खास्त कर्मचारियों की बहाली का भरोसा दिया गया था। आज जारी इस आदेश से सरकार ने अपने वादे को पूरा करते हुए आंदोलन के दौरान की कार्रवाई को निरस्त कर दिया है।

इस महत्वपूर्ण निर्णय से एनएचएम संविदा कर्मचारियों में हर्ष का माहौल है तथा राहत की लहर दौड़ गई है। कर्मचारियों को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में सरकार उनकी शेष महत्वपूर्ण मांगों पर भी सकारात्मक निर्णय लेगी। आदेश जारी होने के बाद छत्तीसगढ़ प्रदेश एनएचएम कर्मचारी संघ ने स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, स्वास्थ्य सचिव, मिशन संचालक का आभार व्यक्त किया। साथ ही प्रदेश के 16,500 एनएचएम कर्मचारियों के अटूट सहयोग एवं एकजुटता के लिए धन्यवाद भी ज्ञापित किया गया।

जिला स्तर पर अध्यक्ष-सचिव ने रायगढ़ विधायक सह वित्त मंत्री ओपी चौधरी, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी तथा जिला प्रशासन का भी विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि निर्णय न केवल बर्खास्त कर्मचारियों के लिए न्यायपूर्ण है, बल्कि पूरे एनएचएम परिवार के लिए नववर्ष का उपहार सरीखा है। संघ सरकार से अपील एवं आशा करता है कि स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत बनाने हेतु शेष मांगों पर शीघ्र विचार किया जाएगा।