छाल/रायगढ़ (सृजन न्यूज)। क्षेत्र में सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से, रायगढ़ जिले के छाल स्थित मंगल भवन प्रांगण में 22 दिसम्बर को एक भव्य ‘विराट हिन्दू समागम’ का आयोजन किया गया। विशाल हिन्दू सम्मेलन मण्डल (छाल) द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में साधु-संतों और धर्म प्रेमियों का महाकुंभ देखने को मिला ।
दिग्गज संतों का हुआ समागम
इस धर्मसभा में विशिष्ट आतिथ्य और प्रमुख वक्ता के रूप में अ.भा. मार्गदर्शक मंडल (विहिप) के सदस्य और छत्तीसगढ़ शासन से राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त महामंडलेश्वर मनमोहन दास महाराज (राधे-राधे बाबा) उपस्थित रहे और उन्होंने अपनी ओजस्वी विचारों से जनमानस को संबोधित किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में राम मंदिर आश्रम, खरसिया के स्वामी त्रिवेणीदास महाराज का सानिध्य प्राप्त हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत छाल के पूर्व सरपंच नीलाम्बर सिंह राठिया ने किया।
सामाजिक समरसता का संदेश
आयोजन समिति ने “हिन्दव: सोदरा सर्वे, न हिन्दू पतितो भवेत्” (सभी हिन्दू सगे भाई हैं, कोई हिन्दू पतित नहीं है) और “मम दीक्षा हिन्दू रक्षा, मम मंत्र: समानता” के ध्येय वाक्य के साथ समाज में समानता और एकता का संदेश देने का संकल्प लिया है। इस धार्मिक समागम में विशेष उपस्थिति के तौर पर गुरु महंत समाज (घरघोड़ी) के सुहावन दास जी, खरसिया के श्रवण साहेब तथा अन्य पूज्य संतजन व समाज सेवक उपस्थित रहे।
महाप्रसाद की रही व्यवस्था
आयोजक ‘हिन्दू सम्मेलन समिति’ के द्वारा कार्यक्रम में पधारने वाले सभी सनातनी बंधु-भगिनियों के लिए भोजन (महाप्रसाद) की उचित व्यवस्था की गई थी।




