पहाड़ा, गिनती, बारहखड़ी, बोर्ड कक्षा में मेंटर नियुक्ति के संबंध में दिए महत्वपूर्ण निर्देश
पुसौर/रायगढ़ (सृजन न्यूज)। जिले के पुसौर ब्लॉक में गुणवत्ता पुर्ण शिक्षा हेतु विकासखंड शिक्षा अधिकारी शैलेष देवागंन ने संकुल केन्द्र पंचपारा के विभिन्न स्कूलों का आकस्मिक निरीक्षण करते हुये बच्चो एवं शिक्षकों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए टॉप टेन में आने शिक्षकों से महत्वपूर्ण चर्चा की, साथ ही दसवीं कक्षा के लिये मेंटर नियुक्ति पर विशेष ध्यान देने की बात कही।
उन्होंने कोसमंदा और बाघाडोला के प्राथमिक शाला का आकस्मिक निरीक्षण करते हुए बच्चों से पहाड़ा, गिनती एवं बारहखड़ी पर विशेष ध्यान दिया, साथ ही बच्चों को धारा प्रवाह पुस्तक पड़ने का अभ्यास कराने का पाठ भी पढ़ाया। पांचवीं और आठवीं कक्षा के बच्चों को प्रति दिवस दो-दो प्रश्न देकर अभ्यास कराने का निर्देश भी दिया ताकि बच्चों का स्तर बेहतर हो सके। निरीक्षण के दौरान बच्चों से गतिविधि करवाये ताकि विषय वस्तु रूचिकर हो सके।
सीमा चौहान ने सुनाया 29 का पहाड़ा
बीईओ देवागंन ने निरीक्षण के दौरान शासकीय प्राथमिक शाला कोसमंदा में बच्चों से पहाड़ा गिनती पूछा। सीमा चौहान ने 29 का पहाड़ा सुनाया तो बीईओ देवागंन ने प्रशंसा कर बच्चों से ताली बजवाते हुए इस प्रकार पहाड़ा याद करने के लिए उनको प्रेरित किया। इस दौरान संकुल प्राचार्य श्रीमती सी. खरे, संकुल शैक्षिक समन्वयक श्रवण कुमार साव प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। संकुल शैक्षिक समन्वयक श्री साव के सतत् शाला अवलोकन से संकुल केन्द्र पंचपारा के समस्त विद्यालय का स्तर अच्छा है और एफएलएन के शत-प्रतिशत लक्ष्य की ओर अग्रसर हो रहे हैं।




