Home छत्तीसगढ़ विद्यार्थी जीवन ही व्यक्ति के भविष्य की रखता है मजबूत नींव : आशा तिर्की

विद्यार्थी जीवन ही व्यक्ति के भविष्य की रखता है मजबूत नींव : आशा तिर्की

by SUNIL NAMDEO

डीपीएस के काउंसलिंग में डीएसपी ने स्टूडेंट्स का किया मार्गदर्शन

जशपुर (सृजन न्यूज)। यहां के देव पब्लिक स्कूल में बुधवार को एक विशेष काउंसिलिंग में जिले की डीएसपी आशा तिर्की ने विद्यालय के छात्र–छात्राओं को महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन दिया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नैतिक मूल्यों तथा सुरक्षित जीवन शैली के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन विद्यालय के डायरेक्टर सुनीता सिन्हा ने डीएसपी आशा तथा सब इंस्पेक्टर प्रियंका पैंकरा का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत के साथ किया। इसके पश्चात विद्यालय परिसर में एक संवादात्मक काउंसिलिंग सत्र में कक्षा 6 से 12 तक के छात्र–छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

डीएसपी आशा तिर्की ने कहा कि विद्यार्थी जीवन ही व्यक्ति के भविष्य की मजबूत नींव रखता है। उन्होंने छात्रों को अनुशासन, समय प्रबंधन और लक्ष्य निर्धारण के महत्व को सरल उदाहरणों के माध्यम से समझाया। साथ ही उन्होंने मोबाइल फोन और सोशल मीडिया के सीमित एवं सकारात्मक उपयोग पर विशेष बल दिया। डीएसपी आशा ने बताया कि गलत संगति और नशे जैसी बुराइयाँ विद्यार्थियों के जीवन को अंधकार की ओर ले जाती हैं, इसलिए इनसे दूर रहना अत्यंत आवश्यक है।

काउंसिलिंग के दौरान छात्राओं को विशेष रूप से आत्मरक्षा, साइबर सुरक्षा, गुड टच–बैड टच तथा किसी भी प्रकार की समस्या होने पर बिना भय के माता–पिता, शिक्षक या पुलिस से संपर्क करने की सलाह दी गई। उन्होंने छात्राओं को आत्मनिर्भर, साहसी और आत्मविश्वासी बनने के लिए प्रेरित किया। सब इंस्पेक्टर प्रियंका मैम ने छात्रों को कानून संबंधी सामान्य जानकारी भी दी और बताया कि कानून का उद्देश्य दंड देना नहीं, बल्कि समाज में सुरक्षा और न्याय बनाए रखना है। उन्होंने कहा कि यदि विद्यार्थी नियमों का पालन करेंगे तो वे न केवल अच्छे नागरिक बनेंगे, बल्कि समाज के लिए भी प्रेरणा बनेंगे।

कार्यक्रम के अंत में प्रश्न–उत्तर सत्र आयोजित में विद्यार्थियों ने अपनी जिज्ञासाएँ खुलकर रखीं। डीएसपी आशा ने सभी प्रश्नों के उत्तर धैर्यपूर्वक और सरल भाषा में दिए, जिससे विद्यार्थियों को वास्तविक जीवन से जुड़ी कई अहम जानकारियाँ प्राप्त हुईं। प्राचार्य जयंती सिन्हा ने डीएसपी मैम और सब इंस्पेक्टर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे काउंसिलिंग कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

    कार्यक्रम में मुख्य रूप से विद्यालय के मैनेजिंग डायरेक्टर ओमप्रकाश सिन्हा,डायरेक्टर सुनीता सिन्हा, प्राचार्य आशीष डेगवेकर, जयंती सिन्हा, उप प्राचार्य एरिक सोरेंग, एकेडमिक उप प्राचार्य मालविका डेगवेकर और शिक्षक-शिक्षिकाएं भी मौजूद थे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र निर्माण में विद्यार्थियों की भूमिका को समझाने वाले प्रेरक संदेश के साथ हुआ।

You may also like