बिलासपुर के राउत नाच दल और धरमजयगढ़ की महिला टीम ने यादव शौर्य नृत्य मड़ई महोत्सव में दर्शकों का जीता दिल

by SUNIL NAMDEO
0 comment
img-20260221-wa01799122518692518146593.jpg
previous arrow
next arrow

रायगढ़ के रामलीला मैदान में देर रात तक गूंजते रहे यादव समाज के दोहे

रायगढ़ (सृजन न्यूज)। शहर के रामलीला मैदान में बीते रविवार को यादव समाज द्वारा आयोजित पारंपरिक और ऐतिहासिक 30वां यादव शौर्य नृत्य मड़ई महोत्सव हर्षोल्लास और भव्यता के साथ मनाया गया। पिछले तीन दशकों से जारी इस सांस्कृतिक आयोजन के माध्यम से यादव समाज लोककला, परंपरा और सामाजिक एकता को मजबूत संदेश देता आ रहा है। मड़ई महोत्सव में बिलासपुर के राउत नाच दल और धरमजयगढ़ की महिला टीम ने अपने दमदार प्रदर्शन कर दर्शकों का दिल जीत लिया।

अतिथियों ने की विधिवत शुरुआत

कार्यक्रम की शुरुआत रायगढ़ महापौर जीवर्धन चौहान, सभापति डिग्रीलाल साहू, संजीवनी अस्पताल के प्रमुख नयन अग्रवाल, भाजपा नेता महेश साहू ने श्रीकृष्ण भगवान के छायाचित्र पर पूजा-अर्चना कर की।अतिथियों ने राउत नाचा दल से मुलाकात की और उनकी पारंपरिक वेशभूषा एवं कला का आनंद लिया। राउत नाचा की धुन ने वातावरण को इतना जीवंत बना दिया कि अतिथि भी खुद को नृत्य करने से नहीं रोक पाए।

महापौर ने यादव समाज का बढ़ाया सम्मान

महापौर जीवर्धन चौहान ने कार्यक्रम की भव्यता की प्रशंसा करते हुए कहा “30 वर्षों से निरंतर जारी इस कार्यक्रम ने आज अपनी अलग पहचान बनाई है। पहले हम मंच से नीचे दर्शक बनकर यह कार्यक्रम देखा करते थे, आज समिति ने मुझे अतिथि के रूप में बुलाया यह मेरे लिए भावुक क्षण है। रायगढ़ में राउत नाचा परंपरा को जीवित रखने में यादव समाज का प्रयास सराहनीय है।”

शाखा ने साझा की मड़ई महोत्सव की यात्रा

   समिति के अध्यक्ष शाखा यादव ने मंच से बताया कि कैसे वृंदावन यादव सहित समाज के वरिष्ठों ने सीमित संसाधनों में इस कार्यक्रम की शुरुआत की थी। उन्होंने नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष मातूराम अग्रवाल को याद करते हुए कहा कि उनके द्वारा स्वीकृत ₹5000 के अनुदान ने कार्यक्रम की मजबूत नींव रखी।आज भी अग्रवाल परिवार समिति को सहयोग दे रहा है। मंच पर दिखने वाली लाइट, साउंड, टेंट इन सब व्यवस्थाओं के पीछे अनगिनत लोगों का निस्वार्थ सहयोग रहा है, जिसकी वजह से आज मड़ई महोत्सव अपने भव्य स्वरूप में है।

राउत नाच दल ने दिखाया दम

बिलासपुर शिलपहरी से आई राउत नाचा दल और सिथरा धर्मजयगढ़ महिला नाचा टीम ने 1 घंटे से अधिक की शानदार प्रस्तुति दी। करीब 95 सदस्यों वाली इन टीमों ने मैदान के हर कोने में अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए अद्भुत प्रदर्शन किया। उनकी उत्कृष्ट प्रस्तुति के आधार पर निर्णायक दल ने इन्हें विजेता घोषित किया।

सम्मान समारोह में पहुंचे उमेश पटेल

कार्यक्रम के अंतिम चरण में खरसिया विधायक उमेश पटेल, कांग्रेस नेत्री जरिता लैतफलांग, अनिल शुक्ला (पूर्व जिला अध्यक्ष कांग्रेस), नगेंद्र नेगी (जिला अध्यक्ष ग्रामीण कांग्रेस), शेख सलीम नियारिया (नेता प्रतिपक्ष रायगढ़ नगर निगम) विशेष रूप से उपस्थित हुए। विधायक उमेश पटेल ने विजेता नाचा दल को स्मृति चिन्ह, शील्ड और नगद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।

इनका रहा महत्वपूर्ण योगदान

आशीष यादव, विकास ठेठवार, मातादीन यादव, अमित यादव, शिवकुमार यादव, संतोष यादव, दिलीप यादव, श्रीपाल यादव, शिवा यादव, गणेश यादव, सागर यादव, दीनू यादव, महेंद्र यादव, संगीता यादव, सरस्वती यादव, साहोद्र यादव, नीलू यादव, सरोजनी यादव और ज्योति यादव ने आयोजन को सफल बनाने में विशेष भूमिका निभाई।

You may also like

Leave a Comment