रायगढ़ (सृजन न्यूज)। अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद और राष्ट्रीय बजरंग दल के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष डॉक्टर प्रवीण तोगड़िया के आशीर्वाद से हिंदू संस्कृति तथा सभ्यता एवं अस्मिता को पोषित, सुशोभित और संरक्षित करने के उद्देश्य से रायगढ़ जिले में पहली बार अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद व बजरंग दल की प्रथम बैठक न्यू जानकी होटल किरोड़ीमल नगर के सभागार में आयोजित की गई। बैठक में रायपुर से पधारे प्रांतीय संगठन मंत्री राहुल वाडिया, प्रांतीय महामंत्री महेंद्र साव, बजरंग दल के प्रांतीय महामंत्री विक्रांत शर्मा एवं हिंदू हेल्पलाइन के प्रांतीय महामंत्री हेमंत साहू की उपस्थिति और सदस्यों के बीच जिले की पहली कार्यकारिणी चयनित कर घोषित की गई। इसमें अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद में युवा तुर्क वरुण सिंह को जिला अध्यक्ष, चितरंजन सिंह जिला कार्यकारी अध्यक्ष, बसंत गिरी जिला उपाध्यक्ष, मनीष शर्मा जिला उपाध्यक्ष, सरोज सिंह जिला महामंत्री, गुलाब शर्मा जिला मंत्री तथा सुजीत गिरी जिला प्रवक्ता बनाए गए।
इसी प्रकार राष्ट्रीय बजरंग दल में राजकुमार सिंह को जिला अध्यक्ष का दायित्व सौंपा गया तथा सूरज बर्नवाल को कार्यकारी अध्यक्ष, धर्मेंद्र उपाध्याय कार्यकारी अध्यक्ष शशिकांत चौबे, विकास यादव एवं मुकेश हलधर को जिला उपाध्यक्ष, रघु दास को जिला महामंत्री तथा अमित टंडन, जितेंद्र महंत एवं दीपेंद्र शर्मा को जिला मंत्री नियुक्त किया गया। बृजेश यादव एवं श्रीकांत साहू संघ के प्रमुख दायित्व में लीन होने के कारण किसी भी अन्य संगठन में प्रमुख पदों पर नहीं रह सकते, इसलिए उनकी विनम्रता को स्वीकार करते हुए उन दोनों को किसी भी बड़ी जिम्मेदारी से मुक्त रखा गया है, किंतु उन्होंने विश्वास दिलाया कि हम हिंदू संस्कृति और सभ्यता को पोषित करने, रक्षित करने एवं सुशोभित करने में अपनी पूरी ऊर्जा लगाएंगे।
कार्यक्रम की शुरुआत रायपुर से पधारे अतिथियों और महापौर जीवर्धन चौहान ने मां भारती के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलित एवं पुष्प अर्पित कर की। महापौर सहित अतिथियों का पुष्प गुच्छ एवं माल्यार्पण से स्वागत किया गया। वहीं, जिला उपाध्यक्ष मनोनीत किए गए। मनीष शर्मा ने उद्बोधन से अतिथियों का स्वागत किया गया। अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद के प्रांतीय महामंत्री राहुल ने सदस्यों के साथ ओम का उच्चारण करते हुए पूरे लय और श्रद्धा के साथ हनुमान चालीसा का पाठ किया। तत्पश्चात महेंद् साव प्रांतीय महामंत्री अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद ने विधर्मियों द्वारा हिंदुओं पर किए जा रहे अत्याचार और उनकी हत्याओं पर अपना आक्रोश व्यक्त करते हुए सभा में सदस्यों को उनके हिंदू कुल में जन्म लेने की याद दिलाते हुए आगाह किया कि जितना ज्ञान के लिए शास्त्र जरूरी है, उतना ही आवश्यकता पड़ने पर हिंदू धर्म और संस्कृति की रक्षा के लिए शस्त्र भी आवश्यक है।
महापौर जीवर्धन चौहान ने सनातन धर्म के प्रति अपने समर्पण का उदाहरण प्रस्तुत करते हुए 19 वर्ष की आयु से ही संघ की शाखाओ में निरंतर जाने, सभी कार्यक्रमों में हिस्सा लेने एवं विभिन्न हिंदू संगठनों में बढ़ चढ़कर भाग लेने की बात कही। साथ ही उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद और राष्ट्रीय बजरंग दल के प्रथम बैठक की शुभकामनाएं देते हुए आश्वस्त किया कि संगठन एक महापौर और इस हिंदू संगठन का एक सामान्य सदस्य होने के नाते जो अपेक्षा रखेगा मैं भविष्य में उन सारी अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास करूंगा। अतिथियों के अंतिम संबोधन में अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद के प्रांतीय संगठन मंत्री और अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. प्रवीण तोगड़िया के सानिध्य में 15 वर्ष की अल्प आयु से ही हिंदू धर्म की रक्षा में समर्पित पूर्ण कालिक व्यक्तित्व राहुल ने हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के क्रियाकलापों और रायगढ़ के नवगठित सेनानियों के द्वारा भविष्य में किए जाने वाले कार्यक्रमों पर अपना वक्तव्य विस्तार से देते हुए प्रकाश डाला। साथ ही देश के विभिन्न राज्यों में विधर्मियों के द्वारा किए जा रहे हत्या, बलात्कार, लव जिहाद आदि से सतर्क करते हुए हिंदुओं की संगठनात्मक ढांचे को बहुत अधिक सुदृढ़ करने की आवश्यकता पर बल दिया।
किसी भी कार्यक्रम का मेरुदंड उसका मंच संचालन होता है। इस दायित्व का निर्वहन अपने पूरे जोशीले अंदाज में वही चिर परिचित नाम विमल चौधरी ने किया। ज्ञात हो कि रायगढ़ में अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद और राष्ट्रीय बजरंग दल के गठन की मुख्य शिल्पी एवं पूरी रूपरेखा तैयार करने वाले सुजीत गिरी एवं विमल चौधरी ही थे। कार्यक्रम का समापन सुजीत गिरी के आभार प्रदर्शन पश्चात किया गया।




