पुलिस जवान के घर के सामने से स्कूटी उड़ा ले गया था चोर

by SUNIL NAMDEO
0 comment
img-20260221-wa01799122518692518146593.jpg
previous arrow
next arrow

सीसीटीवी फुटेज में कैद हुआ मुल्जिम, खाकी वर्दीधारियों ने धरदबोचा

रायगढ़ (सृजन न्यूज)। एक चोर इतना शातिर निकला कि उसने पुलिस आरक्षक के घर के सामने खड़ी उसकी स्कूटी को ही उड़ा ले गया। ऐसे में खाकी वर्दीधारियों ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से स्कूटी चोर को खोज निकाला और रेलवे स्टेशन के पास उसे मयमाल धरदबोचा। यही नहीं, गाड़ी चोरी के दौरान आरोपी द्वारा पहने कपड़े, जूते और मास्क भी बरामद कर लिया गया है।

जानकारी के मुताबिक, आरक्षक लखेश्वर पुरसेठ (थाना जूटमिल) गत 11 जुलाई को थाना ड्यूटी से लौटकर शाम करीब 4 बजे अपनी सफेद रंग की स्कूटी क्रमांक CG13AD7874 को शहर के वार्ड क्रमांक 13 में तेली पारा स्थित अपने घर के बाहर खड़ी कर अंदर गए थे। करीब 4:45 बजे जब दोबारा ड्यूटी पर जाने निकले तो स्कूटी मौके से गायब थी। आसपास पूछताछ और खोजबीन के बाद जब कोई जानकारी नहीं मिली तो कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम ने तत्परता से घटनास्थल पहुंचकर आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जिसमें एक अज्ञात व्यक्ति को स्कूटी ले जाते हुए देखा गया।

                        सीसीटीवी में दिखे हुलिये के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की गई और वह रेलवे स्टेशन के पास घूमते हुए नजर आया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना नाम रूशीष प्रसाद पिता सत्यनारायण प्रसाद (40 वर्ष) निवासी बिहारीपारा बुरोमाल, थाना झारसुगुड़ा (उड़ीसा) बताया। आरोपी ने चोरी की गई स्कूटी को रेलवे स्टेशन के पुराने पार्किंग क्षेत्र में छिपाकर रखने की बात स्वीकार की। उसके मेमोरण्डम पर पुलिस ने घटना के समय पहना हुआ शर्ट, जूते, मास्क और स्कूटी बरामद कर जब्त किया। आरोपी के खिलाफ थाना कोतवाली में धारा 303 (2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

             इस संपूर्ण कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक सुखनंदन पटेल के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक लोमेश राजपूत, आरक्षक मनोज पटनायक, कमलेश यादव और आरक्षक लखेश्वर पुरसेठ की सराहनीय भूमिका रही।

You may also like

Leave a Comment