जुआ-सट्टा, अवैध कबाड़, नशे के कारोबार, गैंगवार पर लगाम लगाने की उठी पुरजोर मांग

रायगढ़ (सृजन न्यूज)। रायगढ़ अंचल में गुनाह के बढ़ते ग्राफ से जहां कानून व्यवस्था प्रभावित है, वहीं जनमानस भी हलाकान हैं। ऐसे में युवक कांग्रेस अध्यक्ष आशीष जायसवाल के नेतृत्व में पुलिस कप्तान को 9 बिंदुओं को लेकर न केवल ज्ञापन सौंपा, बल्कि जुआ-सट्टा, नशे के कारोबार, अवैध कबाड़ और गैंगवार जैसे अपराध में लिप्त तत्वों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग भी की।
पुलिस अधीक्षक को प्रेषित आवेदन में कहा गया है कि रायगढ़ जिले में लगातार अपराध के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। हरेक रोज हत्या, लूटपाट और अपहरण से लेकर बलात्कार व धार्मिक उन्माद के मामले सामने आने से आम जनता हलाकान हैं। ऐसा प्रतीत होता है मानो कानून का भय पूरी तरह खत्म हो गया हो। ऐसे गुनाह के बढ़ते आंकड़ों को रोकने के लिए कुछ संवेदनशील मामलों पर कड़ी कार्यवाही करें। जैसाकि भाटनपाली के हनुमान के मंदिर तोड़ने की घटना की निष्पक्ष जांच हो और गुनाहगारों को सख्त से सख्त सजा मिले। नशे के अवैध व्यापार को प्रतिबंधित करते हुए इसमें लिप्त तत्वों पर कड़ी कार्यवाही हो।
यही नहीं, जुआ-सट्टे जैसे असंवैधानिक कृत्य पर न केवल कड़ी से कड़ी कार्यवाही हो, बल्कि इनके मास्टर माईंड को गिरफ्तार किया जाये। कबाड़ के काले कारोबार करने वालों पर सख्त से सख्त कार्यवाही हो। गैंगवार और गैंगस्टर नुमा व्यक्तियों को चिन्हित कर कड़ी कार्यवाही हो। पुलिस पेट्रोलिंग भी बढ़ाई जावे ताकि अपरधियों में भय पैदा हो। ‘एक सर्वसमाज सर्वदलीय बैठक बुलाकर नगर वासियों से सुझाव लेते हुए योजना बनाई जावे। जगह – जगह पर पुलिस विभाग द्वारा सीसीटीवी कैमरे लगाए जाए। इसी तरह सोशल मीडिया पर भी निगरानी रखते हुए धार्मिक उन्मादी संदेश भेजने वालों पर कार्यवाही हो।
एसपी को ज्ञापन देने वालों में युवा कांग्रेस नेता आशीष जायसवाल, आशीष यादव, रानी चौहान, सत्यप्रकाश शर्मा, मनोज सागर, हर्ष भट्ट, सुनीता मिंज, केंवरा यादव सहित अन्य लोग भी उपस्थित थे।




