बैकुंठपुर और रामभांठा क्षेत्र के बाशिंदों ने कलेक्टर से की फरियाद
रायगढ़ (सृजन न्यूज)। शहर के बैकुंठपुर इलाके का भुजबंधान तालाब आज भी शापित अवस्था में रहते हुए अपने उद्धार की बाट जोह रहा है। राज्य बदल गई, सत्ता बदल गया, मगर नहीं बदली तो भुजबंधान तालाब की तकदीर। ऐसे में अब बैकुंठपुर और रामभांठा क्षेत्र के लोगों ने नए कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी को ज्ञापन सौंपते हुए भुजबंधान तालाब के सौंदर्यीकरण और गहरीकरण से लेकर जलभराव की भी मांग की है।
जिलाधीश मयंक चतुर्वेदी के नाम प्रेषित आवेदन में कहा गया है कि बैकुण्ठपुर ब्राम्हण मोहल्ला स्थित ऐतिहासिक भुजबंधान तालाब जहां वार्ड नंबर 2, 14 और 16 के बाशिंदों का निस्तारी होता था। यही नहीं, सामाजिक एवं धार्मिक अनुष्ठाना में जल का उपयोग किया जाता था। वही आज की स्थिति में गंदगी एवं सड़ांध से भर चुका है। वहां पानी में कीड़ों एवं मच्छरों की भरमार हो गयी है, जिससे पानी का उपयोग होना बंद हो गया है। हिन्दू मान्यताओं के अनुसार बहुत से धार्मिक एवं सामाजिक कार्य इस तालाब के जल से होता है किन्तु उक्त स्थिति से मोहल्ले के लोगों में तालाब की गंदगी और बदबू को लेकर काफी निराशा एवं आक्रोश है।
यही वजह है कि जनहित के इस मुद्दे को लेकर दीपक पांडेय, राकेश शर्मा, विजय मिश्रा, केशव दुबे, शेर सिंह ठाकुर, राजकुमार चौबे, अनिता मिश्रा, आर्यन मिश्रा, संतोष उपाध्याय, अंकिता उपाध्याय, पूनम कुमार ने हस्ताक्षर युक्त आवेदन सौंपते हुए कलेक्टर से निवेदन भी किया है कि उपरोक्त स्थिति पर गंभीरता पूर्वक विचार करते हुए भुजबंधान तालाब का सौन्दर्यीकरण, गहरीकरण एवं जल भराव कराने की महती कृपा करें ताकि 3 वार्डों को जोड़ने वाले भुजबंधान तालाब का अस्तित्व बच सके।




