रायगढ़ (सृजन न्यूज़)। ओ.पी. जिंदल विद्यालय तराईमाल में मंगलवार को विद्यार्थियों के उज्जवल भविष्य एवं मार्गदर्शन के लिए कक्षा नवमीं से बारहवीं तक के विद्यार्थियों के लिए करियर काउंसलिंग कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में वक्ता ‘माय अगला कदम एकेडमी ऑफ गाइडेंस एंड काउंसलिंग प्राइवेट लिमिटेड’ के निदेशक और चेयरमैन प्रतिष्ठित करियर काउंसलर, मनोवैज्ञानिक और लेखक डॉक्टर अजीत वरवंडकर उपस्थित थे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथि वक्ता एवं प्राचार्या ने संयुक्त रूप से ज्ञान की देवी माता सरस्वती और ओ.पी. जिंदल समूह के प्रेरणा स्रोत स्व. ओ.पी. जिंदल के छाया चित्रों पर पुष्पांजलि एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया। तत्पश्चात अतिथि महोदय का स्वागत तिलक, पुष्पगुच्छ और बैच लगाकर स्वागत गीत से किया गया। काउंसलर डॉ. अजीत वरवंडकर द्वारा दी गई कार्यशाला का मुख्य बिंदु विद्यालय के बाद भविष्य में सही करियर का चुनाव रहा।
छात्रों का उत्साहवर्धन करते हुए अजीत ने कहा कि आप अपने को कभी किसी से कम न समझे। हर कोई किसी-ना-किसी क्षेत्र में माहिर होता है। विद्यार्थियों को उनकी रुचि के अनुसार विभिन्न क्षेत्रों में अच्छा करियर बनाने एवं उचित चुनाव के टिप्स दिए। वक्ता ने बताया कि सपने एक दिन में पूरे नहीं होते, उनके लिए निरंतर सिद्धत से प्रयास करने पड़ते हैं। इच्छा और करियर लक्ष्य को समझने के विभिन्न तरीकों से विद्यार्थियों को परिचित कराया, ताकि गलत लक्ष्य निर्धारित कर बाद में पछताना ना पड़े।
उन्होंने बताया कि जीवन में उच्च लक्ष्य और पॉजिटिव एटीट्यूड होना बहुत आवश्यक है। असल जिंदगी और सफल छात्रों के जीवन का उदाहरण देकर छात्रों को समझाया कि असंभव कुछ भी नहीं है। सही समय पर यदि सही चुनाव कर लिया जाए तो मुकाम हासिल किया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षा की तैयारी से संबंधित जानकारी दी तथा परीक्षा के डर भगाने का मंत्र भी दिए। विद्यार्थियों को प्रतिदिन करियर डायरी लिखने तथा डायरी में 5 समाचार शीर्षक, अंग्रेजी के तीन नए शब्द और प्रत्येक माह दो अलग – अलग क्षेत्र में काम करने वाले लोगों से मिलकर उन्हें 5 प्रश्न पूछ कर डायरी में लिखने के लिए कहा। उन्होंने विद्यार्थियों के अनेक प्रश्नों का उत्तर देकर उनके करियर और सफलता संबंधी अनेक दुविधाओं को उदाहरण की मदद से दूर किया। सत्र में बहुत ही सक्रिय रूप से भाग लेने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत भी किए। विद्यार्थियों को सक्रिय रूप से भागीदार बनने के लिए करियर जागरूकता प्रश्नोत्तरी भी रखा गया।
प्राचार्या अलका गोडबोले ने वक्ता को स्मृति चिन्ह प्रदान कर उनका आभार व्यक्त किया। तथा विद्यार्थियों को वक्ता द्वारा मार्गदर्शन एवं काउंसलिंग में बताए गए बिंदुओं को अपनाकर जीवन सफल बनाने के लिए प्रयासरत रहने के लिए प्रेरित किया। इस तरह प्रेरक वक्ता को अपने सामने पाकार सभी छात्र बहुत खुश हुए। करियर काउंसलिंग कार्यशाला का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।




