रायगढ़ (सृजन न्यूज)। नगर के श्याम भक्त युवाओं की संस्था श्री श्याम सरकार द्वारा मंगलवार को पहाड़ मंदिर स्थित उम्मीद आश्रम के बच्चों को मीना बाजार की सैर कराई। युवा व्यावसायिक करन अग्रवाल के नेतृत्व में यह आयोजन किया गया था। इसमें नगर निगम नेता प्रतिपक्ष और भाजपा नेत्री पूनम सोलंकी और दिव्या शक्ति की प्रमुख कविता बेरीवाल भी अतिथि के रूप में शामिल हुई। मीना बाजार में बच्चों ने तरह-तरह के झूला झूले, मौत का कुआं, फिश टनल, जलपरी समेत तरह-तरह की रंगबिरंगी मछलियों को देखा। आश्रम के बच्चे मीना बाजार घूम कर बहुत ही खुश व उत्साहित नजर आए।
बहुत ही शानदार आयोजन : पूनम सोलंकी
नगर निगम नेता प्रतिपक्ष पूनम सोलंकी भी इस कार्यक्रम में अतिथि के रूप में पूरे टाइम उपस्थिति रही। उन्होंने भी आश्रम के बच्चों के साथ बहुत आनंद लिया। पूनम सोलंकी ने कहा कि मैं श्याम सरकार के सभी सेवाभावी युवाओं को बहुत-बहुत साधुवाद देती हूँ। जो इन्होंने इस तरीके का कार्यक्रम किया। इन बच्चों की चेहरों की खुशी देखकर मन प्रफुल्लित हो उठा है। श्याम भक्त युवाओं से आग्रह करती हूँ कि आप आगे भी ऐसे कार्यक्रम करते रहें।
बच्चों के खिले चेहरे को देख खिल उठा मन : कविता बेरीवाल
दिव्य शक्ति प्रमुख समाज सेविका कविता बेरीवाल भी इस कार्य्रकम में अतिथि के रूप में शामिल हुई। उन्होंने आयोजक श्याम भक्त युवाओ की सोच की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि मैने भी आज इन बच्चों के साथ झूला में आनंद लिया और ये खुशी शायद शब्दों में बयां नहीं की जा सकती। मैं श्याम सरकार समिति के सभी सदस्यों को बधाई देती हूँ और आशा करती हूँ आप आगे भी ऐसे अनुकरणीय कार्य मे लगे रहेंगे।
बाबा श्याम की प्रेरणा से आया सुझाव : करन अग्रवाल
आयोजक संस्था श्री श्याम सरकार के सदस्य एवं कार्यक्रम के मुख्य आयोजक करन अग्रवाल ने कहा कि बाबा श्याम की प्रेरणा से हमें यह सुझाव आया। इसके पूर्व भी हमने राखी के अवसर पर उम्मीद आश्रम में जाकर बहनों से राखी बंधाई एवं उपहार दिए थे। उस दिन से कही न कही हमारे मन मे था कि इन बच्चों के लिए कुछ करना चाहिए। इन्हें भी दुनिया के रंग देखने का पूरा अधिकार है। इसी सोच के तहत मेरे सहयोगी मित्रों ने उम्मीद आश्रम के बच्चों को मीना बाजार की सैर कराई और आगे भी हमारा इस तरह के कार्यक्रमों का प्रयास रहेगा।
मीना बाजार का असल आनंद अब मिला : प्रकाश निगानिया
श्री श्याम सरकार समिति के सदस्य और युवा सामाजिक कार्यकर्ता प्रकाश निगानिया ने कहा कि वास्तव में आनंद इसे कहते हैं। दुनिया में कहीं भी चले जाए कहीं भी घूम ले पर ऐसी खुशी शायद कहीं नहीं मिलेगी। मीना बाजार में इन बच्चों की आंखों में खुशी देखकर मन गद-गद हो गया है। मैं छोटे भाई करण अग्रवाल और उनके सहयोगियों को साधुवाद देता हूँ कि उन्होंने ऐसा शानदार कार्यक्रम कराया। उम्मीद आश्रम से बच्चों को लेकर आने के लिए बस एवं उनके नाश्ता पानी की भी व्यवस्था की गई थी।
इनका रहा योगदान
इस आयोजन को सफल बनाने में श्री श्याम सरकार समिति के प्रकाश निगानिया, प्रतीक अग्रवाल, अनमोल अग्रवाल, करन अग्रवाल, विकास गोयल, बादल राजपूत, मनीष अग्रवाल, सुजीत लहरे, दुर्गेश महंत, शानू चौहान, कालू अग्रवाल, आदित्य अग्रवाल, मासूम शर्मा सहित अन्य युवा उपस्थित रहे।




