3 बरस पहले किया था कत्ल, अब ताउम्र रहेगा जेल में

by SUNIL NAMDEO
0 comment
img-20260221-wa01799122518692518146593.jpg
previous arrow
next arrow

रायपुर के आमानाका थाना क्षेत्र के डबरापारा में आरोपी रितिक सोना ने की थी रिंकू तांडी की हत्या

रायपुर (सृजन न्यूज)। 3 बरस पूर्व आमानाका थाना क्षेत्र के डबरापारा में धारदार कैंची और पत्थर से युवक की हत्या करने वाले आरोपी को रायपुर सत्र न्यायाधीश अब्दुल जाहिद कुरैशी ने सारे गवाह और सबूतों के आधार पर आजीवन कारावास की सजा सुनाई है।

           तात्कालिक आमानाका थाना प्रभारी रहे राजेश सिंह ने बताया कि 12 सितंबर 2024 को निर्मल तांडी रिक्शा चलाकर रात में वीर शिवाजी नगर डबरापारा, मोहबा बाजार रायपुर में अपने घर के बाहर बैठा था। रात करीब 08:45 बजे रात में निर्मल तांडी का लड़का खुचखुच तांडी उर्फ रिंकू घर के सामने बाहर में डांस कर रहा था। उसी समय मोहल्ले में रहने वाला आरोपी रितिक सोना वहाँ पर आकर खुचखुच तांडी से झगड़ा किया और उसे जमीन में पटकते हुए अपने पास रखे धारदार चाकूनुमा कैंची से खुचखुच तांडी के सीना और पेट में मारपीट किया। निर्मल तांडी बीच-बचाव करने के लिए दौड़ा तो उसके बाद भी आरोपी ने खुचखुच तांडी को पत्थर से मारा और वहाँ से भाग गया। खुचखुच तांडी की घटनास्थल पर मृत्यु हो गई। पूर्व में नुवाखाई के दिन खुचखुच तांडी और आरोपी के भाई के बीच झगड़ा हुआ था। इसका बदला लेने के लिए आरोपी ने खुचखुच तांडी को मारपीट करते हुए हत्या कर दी।

                    आरोपी की ओर से व्यक्त किया गया है कि उसकी कम उम्र है और प्रथम अपराध है। आरोपी आदतन अपराधी नहीं है, इसलिए उसे कम से कम दण्ड दिया जाये। अभियोजन की ओर से व्यक्त किया गया कि आरोपी ने योजनाबद्ध तरीके से मृतक रिंकू उर्फ खुचखुच तांडी को धारदार कैंची से पेट, सीना, कमर में मारकर उसकी हत्या किया है। अतः आरोपी को अधिक से अधिक दण्ड दिये जाने का निवेदन किया गया।

             मामले की विवेचना तथा गवाहों और सबूतों के आधार पर सत्र न्यायाधीश अब्दुल जाहिद कुरैशी ने यह पाया कि आरोपी द्वारा मृतक रिंकु उर्फ खुचखुच तांडी को कैंची से उसके पेट, सीना, कमर में मारकर उसकी हत्या की गयी है। समस्त परिस्थितियों को देखते हुये आरोपी रितिक सोना को धारा 302 भादंसं के अपराध में आजीवन कारावास से तथा 500 रूपये के अर्थदंड से दंडित किया जाता है। अर्थदंड अदा न करने की दशा में आरोपी को 3 माह का अतिरिक्त कठोर कारावास भुगताया जायेगा।

You may also like

Leave a Comment