राजनांदगांव की सिन्हा परिवार की लाडलियों ने बरमकेला में दिखाई अद्भुत प्रतिभा

रायगढ (सृजन न्यूज)। रामनवमी के पावन अवसर पर सारंगढ़ – बिलाईगढ़ जिला अंतर्गत बरमकेला तहसील के समीपस्थ ग्राम खिचरी में 27 मार्च को रात्रिकाल में संगीतमय रामकथा गायन वाचन के माध्यम से प्रस्तुत रामचरित मानस की भक्ति रसधारा में डूबकर श्रद्धालु रात भर झूमने विवश हो गए। राजनांदगांव जिले के कांकेतरा ग्राम से पहुंची 6 सगी बहनों की “एकता मानस परिवार ” द्वारा प्रस्तुत भक्ति गीतों के साथ ग्राम के मानस कथा प्रवक्ता भोजराम पटेल द्वारा गीत संगीत के माध्यम से प्रस्तुत रामजन्म की कथा से भाव विभोर होकर भगवान राम की कथा रसास्वादन किये।
विदित हो कि रामनवमी के पावन पर्व पर बरमकेला विकास खण्ड के ग्राम खिचरी में प्रतिवर्ष भव्य संगीतमय श्री रामकथा वाचन का आयोजन कर विशेष आमंत्रित कलाकारों द्वारा गीत संगीत के माध्यम से भगवान राम के चरित्र का गुणानुवाद किया जाता है। इस वर्ष आमंत्रित छत्तीसगढ़ की प्रतिष्ठित मानस मंडली राजनांदगांव के कांकेतरा से 6 सगी बहनों ने अपनी संगीतमय प्रस्तुति में भगवान राम के भजन माँ दुर्गा,भगवान कृष्ण श्याम भजन, हनुमान जी की भक्ति गीत व छत्तीसगढ़ी जस गीतों की भक्ति रस बारिश कर श्रद्धालुओं को मुग्ध किया। भगवत सिन्हा की इन पुत्रियों ने विभिन्न वाद्य यंत्रों पर सस्वर प्रस्तुति दी। इसमें दुर्गा सिन्हा ने आर्गन व व्याख्यान, अंजली सिन्हा ने बैंजो और कोरस में, श्रद्धा सिन्हा ने तबला एवं ढोलक, नूतन सिन्हा ने बांसुरी-शहनाई, डॉली सिन्हा ने आक्टोपैड, तनुजा सिन्हा ने गायन के साथ आर्गन पर प्रभावी ढंग से संगत करते हुए रामकथा का सुमधुर गायन वाचन किया।
कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर ग्राम खिचरी के प्रतिष्ठित मानस प्रवक्ता एवं गायक राज्यपाल पुरस्कृत एवं डॉ. बलदेव प्रसाद मिश्र पुरुस्कार से सम्मानित व्याख्याता भोजराम पटेल द्वारा अपने संगतकार हारमोनियम वादक गोरेलाल नायक ग्राम पेंवरा, वायलिन वादक गणेश राम निषाद खोरिगाँव तबला संगतकार लक्ष्मण सिदार व गायक हेमानंद पटेल ग्राम खिचरी के संगत से रामजन्म की कथा को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत कर मानस के प्रसंगों की व्याख्या की गई।
राजनांदगांव कांकेतरा के एकता मानस मंडली की 6 सगी बहनों की मानस गायन प्रस्तुति के पूर्व ग्राम के आयोजकों की ओर से श्रीफल एवं अंगवस्त्र द्वारा इनका सम्मान किया गया।




