रायगढ़ (सृजन न्यूज)। जिला स्तरीय किक बॉक्सिंग प्रतियोगिता का आयोजन संस्कार पब्लिक स्कूल में आयोजित हुआ। रायगढ़ किक बॉक्सिंग संघ के सचिव अमरदीप सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिता में जिले भर से लगभग 100 खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपने कौशल, शक्ति और खेल भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। जिले में किक बॉक्सिंग तेजी से लोकप्रिय हो रही है और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास भी किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम का उद्घाटन संस्कार पब्लिक स्कूल के संचालक रामचंद्र शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। उन्होंने विद्यालय में खेलों को बढ़ावा देने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि उनके विद्यालय में किक बॉक्सिंग के साथ ताइक्वांडो, योग, बास्केटबॉल, लॉन टेनिस, वॉलीबॉल और क्रिकेट जैसे विभिन्न खेलों का नियमित संचालन किया जाएगा, ताकि बच्चों को खेलों के माध्यम से उज्ज्वल भविष्य मिल सके।
प्रतियोगिता का समापन समारोह के मुख्य अतिथि अनिल रतेरिया की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि किक बॉक्सिंग जैसी प्रतिस्पर्धाएँ युवाओं में आत्मविश्वास, अनुशासन और साहस विकसित करती हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने और राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन करने के लिए संस्कार पब्लिक स्कूल को योगदान देने पर प्रशंसा की। इस चैंपियनशिप में म्यूजिकल फॉर्म, पॉइंट फाइट, लाइट कॉन्टैक्ट, फुल कॉन्टैक्ट, किक लाइट, लो किक जैसे विभिन्न इवेंट शामिल थे। विजेता खिलाड़ी अब राज्य स्तरीय स्पर्धा में अपना दमखम दिखाएंगे।
कार्यक्रम में अंतर्राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी एवं गोल्ड मेडलिस्ट ममता सिंह ठाकुर, इंटरनेशनल रेफरी प्रणय शंकर शुक्ला, अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी मनोज केसरा, हरि यादव, महेंद्र, सुमीत सिंह और ईशान, भवानी शंकर षड़ंगी स्कूल की प्राचार्या श्रीमती पांडेय, समाजसेवी अनिता मिश्रा की उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा बढ़ाई।
वहीं, किक बॉक्सिंग संघ के संस्थापक जय कुमार ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएँ दीं और खेलों को बढ़ावा देने हेतु अपना सहयोग देने का संकल्प दोहराया।
जिला किक बॉक्सिंग संघ के अध्यक्ष सरनदीप, राज्य किक बॉक्सिंग संघ के कार्यकारी अध्यक्ष तारकेश मिश्रा एवं महासचिव आकाश गुरुदीवान ने भी खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ देते हुए निरंतर मेहनत करते रहने के लिए प्रेरित किया। यह आयोजन जिले में खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।
