Home रायगढ़ न्यूज ओवरलोड वाहनों के विरोध में युवा कांग्रेस की हुंकार

ओवरलोड वाहनों के विरोध में युवा कांग्रेस की हुंकार

by SUNIL NAMDEO EDITOR

रायगढ़ (सृजन न्यूज)। पुसौर नगर पंचायत अंतर्गत बोरोडीपा चौक पर जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष आशीष जायसवाल के नेतृत्व और संगठन प्रभारी आशीष यादव के कुशल संचालन में सड़कों पर ओवरलोड वाहनों के परिवहन को लेकर जिला प्रशासन के साथ प्रदेश सरकार के विरोध में जमकर प्रदर्शन किया गया।

                      बता दें उद्योग क्षेत्र होने के कारण रायगढ़ आसपास क्षेत्र में प्रतिदिन सड़को पर ओवरलोड वाहनों का आवागमन बढ़ गया है। इसके अलावा सड़कों के किनारे फेके जा रहे फ्लाईएश से बढ़ रहे प्रदूषण और रोड पर चलने वाले ओवरलोड वाहनों से लोगों को परेशानियों से गुजरना पड़ता है। ओवरलोड वाहनों के सड़कों पर बेधड़क दौड़ने से दुर्घटनाओं में आय दिन वृद्धि हो रही है। इसके खिलाफ युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में बोरोडीपा चौक पुसौर में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन का आयोजन किया गया।

                   धरना प्रदर्शन कार्यक्रम में मुख्य रूप से पूर्व विधायक प्रकाश नायक और पुसौर नगर पंचायत के अध्यक्ष रितेश थवाईत भी शामिल हुए। कार्यक्रम के संदर्भ में युवा कांग्रेस अध्यक्ष आशीष जायसवाल ने बताया कि प्रदेश में सत्ता बदलने के बाद भाजपा सरकार की मनमानी चरम पर है। यहां उद्योगों से निकलने वाले फ्लाईएश, ओवरलोड गाड़ियों का आवागमन अत्यधिक बढ़ गया है। इस कारण सड़कों पर फ्लाईएश निरंतर उड़ रहा है, साथ ही सड़क हादसे भी हो रहे हैं। पुसौर ब्लॉक के अध्यक्ष भुवनेश्वर साहू ने कहा कि आम जनता परेशान है और सड़कों पर धड़ल्ले से दौड़ रही ओवरलोड वाहनों पर जिला प्रशासन रत्ती भर भी गंभीर नहीं है। कार्यवाही के नाम पर महज खानापूर्ति होती है।

                  इससे पहले भी युवा कांग्रेस द्वारा जिला प्रशासन को इसकी जानकारी दी गई थी पर उन्होंने गंभीरता नही दिखाई। इस कारण युवा कांग्रेस द्वारा धरना प्रदर्शन करने का निर्णय लिया गया। बताया जा रहा है कि धरना प्रदर्शन के दौरान पुसौर नायब तहसीलदार धरना प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे, जिसके बाद युवा कांग्रेस अध्यक्ष आशीष जायसवाल के नेतृत्व में ओवरलोड वाहनों के परिवहन पर रोक लगाने के संबध सहित अन्य कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर ज्ञापन सौंपा गया। सौंपे गए ज्ञापन में युवा कांग्रेस ने कई बिंदुओं पर अपनी बात सामने रखी है। इसमें मुख्य रूप से ओवरलोड वाहन के परिवहन पर रोक लगाने के साथ बुधवार को बाजार के दिन यहां पूर्णतः भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगाई जावे।

                 इसी तरह भारी वाहनों के परिवहन से सड़कों की स्थिति जो जर्जर हुई है उसको जल्द से जल्द सुधार किया जाए। ओवरलोड फ्लाईएश वाहनों के दौड़ने के कारण सड़कों से सीधे खेतों पर फ्लाईएश जाता है, इस पर कार्यवाही की जावे। स्कूल मार्ग पर यातायात व्यवस्था पर दुरुस्त हो। सड़क दुर्घटना पर कंपनी द्वारा पीड़ित परिवार को उचित मुआवजे का प्रावधान सुनिश्चित किया जावे। नायब तहसीलदार ने सभी बिंदुओं पर विचार करते हुए उचित कार्यवाही का आश्वासन दिया है।

             धरना प्रदर्शन में युवा कांग्रेस के जिला और ब्लॉक पदाधिकारी शिव चौहान, विकास चौधरी, लक्ष्मीकांत पाइक, विश्वनाथ सिदार, विकास गुप्ता, विधान चौहान, विक्रम मेहर, सूर्यकुमार, प्रकाश श्रीवास, शिवनाथ, इमरान ख़ान, कृष्णा चौहान, भूषण नायक, शिशुपाल भोई, वनमाली, हुकुम गुप्ता, सरोज खम्हारी सहित अन्य कायकर्ता मौजूद रहे।

You may also like