रायगढ़ (सृजन न्यूज़)। एक बीमार महिला अपने घर के बाहर बैठी थी। फिर भी मनचले अधेड़ का दिल नहीं पसीजा, बल्कि नीयत डोलते ही वह जबरन उसे गली की तरफ ले गया और अस्मत को तार-तार कर दिया। कुकर्म का यह मामला पुसौर थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने आरोपी को जेल भेजा है।
पुसौर पुलिस ने महिला द्वारा दर्ज कराई गई दुष्कर्म की रिपोर्ट पर तत्परता पूर्वक कार्यवाही करते हुए आज आरोपी नेहरू खडिया (56 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। घटना के अनुसार, पीड़िता ने पुलिस को बताया कि तबियत ठीक नहीं लगने से वह कल शाम करीब 6:30 बजे अपने घर के बाहर परछी में बैठी थी, तभी आरोपी नेहरू खडिया वहां पहुंचा और जबरन उसे गली की ओर ले जाकर उसके साथ गलत काम किया।
महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग वहां पहुंचे, जिसके बाद आरोपी वहां से भाग गया। महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले मेंधारा 64
(1) BNS के तहत अपराध दर्ज किया है। त्वरित कार्यवाही करते हुए पुसौर पुलिस ने आरोपी नेहरू खडिया को गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
महिला संबंधी अपराध में त्वरित कार्यवाही में थाना प्रभारी पुसौर निरीक्षक रोहित बंजारे, सहायक उप निरीक्षक मनमोहन बैरागी, महिला प्रधान आरक्षक जेनिपा पन्ना और आरक्षक महेश चौहान की अहम भूमिका रही है।