रायगढ़ (सृजन न्यूज)। शहर के नटवर स्कूल मैदान में महाराष्ट्र मंडल द्वारा आयोजित गणपति महोत्सव अपनी अलग ही छटा बिखेर रही है। पूरे अंचल में ख्यातिप्राप्त बप्पा का पूजन हो रहा है तो रायगढ़ के सभी गणमान्य नागरिक भी बप्पा के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।
इसी तारतम्य में बप्पा की आरती पूजन में शामिल होने तृतीय दिवस पर रायगढ़ के पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल पहुंचे। उन्होंने बप्पा की आरती पूजन आरंभ करते हुए महाराष्ट्र मंडल के सदस्यों के साथ मिलकर गणेश भगवान की आराधना की और सभी की सुख, शांति व समृद्धि की प्रार्थना भी की। मंडल के सदस्यों द्वारा पुलिस अधीक्षक को स्मृति चिन्ह स्वरूप छत्रपति शिवाजी की मूर्ति, मराठी टोपी भेंट की गई।
महाराष्ट्र मंडल के सदस्यों महिला मंडल द्वारा अथर्व शेष का पाठ किया गया, जिसमें बप्पा को अनाज अर्पित कर उनका पूजन किया गया। चावल, दाल जैसे अन्य अनाज सभी सदस्यों द्वारा बप्पा को समर्पित किया गया। बप्पा के पूजन की महाराष्ट्रीयन पद्धति, रायगढ़ वासियों को खूब आकर्षित करती है जिस कारण श्रद्धालु रोज बप्पा के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।

